दुनियाभर में बजा रणवीर सिंह की फिल्म का डंका, ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए सबमिट हुई 'धुरंधर 2' की एल्बम

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. इसके बाद रिलीज हुई ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया.

Dhurandhar The Revenge Grammys race 9 Soundtracks Submitted
Image Source: Social Media

रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया था. इसके बाद रिलीज हुई ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया. फिल्म की कहानी के साथ-साथ इसके गानों और म्यूजिक को भी लोगों का खूब प्यार मिला. अब फिल्म के संगीत को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की एल्बम को ग्रैमी अवॉर्ड्स की अलग-अलग कैटेगरी में विचार के लिए भेजा गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की एल्बम को कुल 9 कैटेगरी में कंसीडरेशन के लिए सबमिट किया गया है. फिल्म के गानों को शाश्वत सचदेव ने प्रोड्यूस किया है. वहीं, टी-सीरीज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस खबर की जानकारी दी. कंपनी ने लिखा कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए विचार करने के लिए पेश किया गया है और दर्शकों के प्यार के लिए धन्यवाद दिया.

ग्रैमी अवॉर्ड्स की रेस में शामिल हुए फिल्म के गाने

‘धुरंधर: द रिवेंज’ की एल्बम को ग्रैमी अवॉर्ड्स के लिए भेजे जाने का मतलब यह नहीं है कि इसे नॉमिनेशन मिल गया है. यह अवॉर्ड प्रक्रिया का शुरुआती हिस्सा है. इसके बाद रिकॉर्डिंग्स को रिकॉर्डिंग एकेडमी के नियमों और शर्तों को पूरा करना होता है. फिर वोटिंग के आधार पर नॉमिनेशन तय किए जाते हैं.

ग्रैमी कैंपेन लिस्टिंग में शाश्वत सचदेव का नाम ‘बेस्ट कंपाइलेशन साउंडट्रैक फॉर विजुअल मीडिया’ कैटेगरी में शामिल है. वहीं, फिल्म के गाने ‘फिर से’ को ‘बेस्ट सॉन्ग रिटन फॉर विजुअल मीडिया’ कैटेगरी में भेजा गया है.

इसके अलावा ‘जान से गुजरते हैं’ और ‘कन्हैया’ को ‘बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस’ कैटेगरी में जगह मिली है. पंजाबी गाने के रीमेक ‘आरी आरी’ को ‘बेस्ट एशियन पॉप म्यूजिक परफॉर्मेंस’ कैटेगरी के लिए सबमिट किया गया है.

जैस्मीन और सतिंदर सरताज का गाना भी शामिल

फिल्म के ग्रैमी कैंपेन में जैस्मीन सैंडलस और सतिंदर सरताज का गाना ‘जाइए सजना’ भी शामिल है. इसे ‘बेस्ट पॉप डुओ/ग्रुप परफॉर्मेंस’ कैटेगरी में विचार के लिए भेजा गया है.

वहीं, ‘डेस्टिनी-मन अटकेया’ को ‘बेस्ट रैप परफॉर्मेंस’, ‘वारी जावां’ को ‘बेस्ट डांस/इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग’ और ‘हम प्यार करने वाले’ को ‘बेस्ट रीमिक्सड रिकॉर्डिंग’ कैटेगरी में सबमिट किया गया है.

इस तरह ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के म्यूजिक को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक कदम बढ़ा है. हालांकि, फिल्म के गानों को ग्रैमी नॉमिनेशन मिलता है या नहीं, यह आगे की प्रक्रिया और वोटिंग के बाद ही साफ होगा.