Dhurandhar 2: निर्देशक आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है. रणवीर सिंह स्टारर इस स्पाई-थ्रिलर ने रिलीज के महज 18 दिनों में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. इसके साथ ही यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है. फिल्म की जबरदस्त कमाई और लगातार बढ़ते दर्शकों के उत्साह ने इसे साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल कर दिया है.
19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया है. खास बात यह है कि तीसरे हफ्ते में भी इसकी कमाई में गिरावट नहीं आई है और यह लगातार दो अंकों में कमाई कर रही है. सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ अब भी बनी हुई है, जो इसके सुपरहिट होने की गवाही दे रही है.
तीसरे हफ्ते में भी कायम है फिल्म की पकड़
ट्रेड वेबसाइट के अनुसार, फिल्म ने 18वें दिन करीब 28.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. तीसरे हफ्ते में भी इस तरह की कमाई यह दिखाती है कि ‘धुरंधर 2’ के प्रति दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ है.
पहले हफ्ते में फिल्म ने 674 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की, जबकि दूसरे हफ्ते में 263.65 करोड़ रुपये अपने नाम किए. इस तरह फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 1013.77 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 1213.74 करोड़ रुपये हो चुका है.
अब ‘बाहुबली 2’ और ‘पुष्पा 2’ पर नजर
इतिहास रचने के बाद अब ‘धुरंधर 2’ की नजर बाहुबली 2: द कन्क्लूजन के रिकॉर्ड पर है, जिसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 1030 करोड़ रुपये की कमाई की थी. जिस रफ्तार से ‘धुरंधर 2’ आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए यह आंकड़ा जल्द ही पीछे छूट सकता है.
इसके अलावा पुष्पा 2 का 1234 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन भी खतरे में नजर आ रहा है.
फिल्म पहले ही कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है, जिनमें आरआरआर, केजीएफ 2, कल्कि 2898 एडी, जवान, पठान, एनिमल और स्त्री 2 जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं.
पहले हफ्ते में ही वर्ल्डवाइड 1000 करोड़ पार
फिल्म की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसने रिलीज के पहले हफ्ते में ही दुनियाभर में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था. यह उपलब्धि बहुत कम फिल्मों को मिल पाती है और इससे ‘धुरंधर 2’ की लोकप्रियता साफ झलकती है.
स्टारकास्ट और कहानी ने जीता दिल
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आए हैं. सभी कलाकारों ने अपने अभिनय से फिल्म को और मजबूत बनाया है.
फिल्म की कहानी एक आम युवक जसकीरत सिंह रंगी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आगे चलकर हमजा अली मजारी नाम के खतरनाक अंडरकवर एजेंट में बदल जाता है. कहानी में दिखाया गया है कि वह कैसे दुश्मन देश के अंडरवर्ल्ड में घुसकर अपनी पहचान बनाता है और आतंकी नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश करता है.
ये भी पढ़ें- 'मंगलवार रात 8 बजे तक...' ट्रंप ने बता दिया ईरान की बर्बादी का समय, बोले- मैं वहां सब कुछ उड़ा दूंगा