Kedarnath Dham Tips: उत्तराखंड की पवित्र धरती पर स्थित केदारनाथ धाम के कपाट शुक्रवार, 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. इस खास मौके पर सेना के बैंड की मधुर धुनों और “ॐ नमः शिवाय” व “जय श्री केदार” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. करीब 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने, जबकि इस साल अब तक 25 लाख से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं.
ऐसे में यदि आप भी इस साल केदारनाथ यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, ताकि आपकी यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे.
यात्रा से पहले रजिस्ट्रेशन है अनिवार्य
केदारनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण करवाना अनिवार्य है. बिना रजिस्ट्रेशन किसी भी श्रद्धालु को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी. हर यात्री और वाहन को आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा. रजिस्ट्रेशन के बाद मिलने वाले स्लॉट टोकन को यात्रा के दौरान कई जगहों पर चेक किया जाता है, इसलिए इसे संभालकर रखें.
मौसम की जानकारी जरूर लें
केदारनाथ का मौसम बेहद तेजी से बदलता है. इस समय वहां हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है. ऐसे में यात्रा पर निकलने से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर जांच लें. मौसम विभाग की आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही अपनी यात्रा की योजना बनाना बेहतर रहेगा.
हेल्थ चेकअप और फिटनेस पर दें ध्यान
ऊंचाई और कठिन ट्रेक के कारण केदारनाथ यात्रा शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकती है. इसलिए यात्रा से पहले डॉक्टर से हेल्थ चेकअप कराना जरूरी है. जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी, अस्थमा या सांस संबंधी समस्या है, उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए. अगर आप पैदल यात्रा करने वाले हैं, तो कम से कम एक हफ्ते पहले से रोजाना वॉक या हल्की एक्सरसाइज शुरू कर दें.
पहले से करें ठहरने की व्यवस्था
यात्रा के दौरान ठहरने के लिए होटल या गेस्ट हाउस की बुकिंग पहले से कर लेना समझदारी होगी. पीक सीजन में वहां कमरे मिलना मुश्किल हो जाता है, इसलिए एडवांस बुकिंग से परेशानी से बचा जा सकता है.
जरूरी सामान साथ रखें
केदारनाथ की यात्रा में सही सामान साथ रखना बहुत जरूरी है. अपने बैग में गर्म कपड़े जैसे जैकेट, थर्मल, दस्ताने और ऊनी मोजे जरूर रखें. इसके अलावा रेनकोट, मजबूत और आरामदायक जूते भी जरूरी हैं. साथ ही पहचान पत्र, आधार कार्ड, पंजीकरण स्लिप, पासपोर्ट साइज फोटो और मेडिकल सर्टिफिकेट अपने पास रखें.
दवाइयां और जरूरी उपकरण न भूलें
यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बेसिक दवाइयां और फर्स्ट-एड किट साथ रखें. इसके अलावा पावर बैंक, टॉर्च, सनस्क्रीन, टोपी और धूप का चश्मा भी काम आएंगे. ऊर्जा बनाए रखने के लिए ड्राई फ्रूट्स और पानी की बोतल भी साथ रखें.
मंदिर परिसर में मोबाइल पर रोक
केदारनाथ मंदिर परिसर के अंदर मोबाइल फोन के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. यहां फोटो खींचना, वीडियो बनाना या सोशल मीडिया के लिए रील बनाना सख्त मना है. यह फैसला मंदिर की पवित्रता बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई भी की जा सकती है.
सुरक्षित और सुखद यात्रा के लिए रखें ध्यान
केदारनाथ यात्रा आस्था के साथ-साथ अनुशासन और तैयारी की भी मांग करती है. यदि आप इन सभी जरूरी बातों का ध्यान रखते हैं, तो आपकी यात्रा न केवल सुरक्षित होगी बल्कि आध्यात्मिक रूप से भी संतोषजनक अनुभव देगी.
ये भी पढ़ें- सीजफायर या छलावा... ट्रंप के इस ऐलान से युद्ध की आशंका बढ़ी, ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति का बड़ा बयान