Royal Enfield Flying Flea C6: रॉयल एनफील्ड ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल Flying Flea C6 की डिलीवरी शुरू कर दी है. फिलहाल इसकी डिलीवरी सबसे पहले बेंगलुरु के ग्राहकों को दी जा रही है. यह कंपनी के इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में बड़ा कदम माना जा रहा है.
कंपनी ने बाइक मालिकों की सुविधा के लिए बेंगलुरु में खास सर्विस और सपोर्ट नेटवर्क तैयार किया है. BTM लेआउट में एक बड़ा सर्विस सेंटर बनाया गया है, जहां बाइक की बड़ी मरम्मत और मेंटेनेंस का काम होगा. इसके अलावा शहर के अलग-अलग इलाकों में छोटे सर्विस पॉइंट भी बनाए गए हैं, ताकि ग्राहकों को आसानी से सर्विस मिल सके.
कीमत कितनी है?
Flying Flea C6 को इस साल 2.79 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया गया था. कंपनी इसे बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) मॉडल के साथ भी बेच रही है. इस विकल्प में बाइक की कीमत 1.99 लाख रुपये रखी गई है, जबकि बैटरी का किराया अलग से देना होगा. इससे ग्राहकों पर शुरुआती खर्च कम पड़ता है.
बैटरी और रेंज
इस इलेक्ट्रिक बाइक में 3.91 kWh की बैटरी दी गई है. कंपनी के मुताबिक एक बार फुल चार्ज होने पर यह 154 किलोमीटर तक चल सकती है. बाइक में 15.4kW की इलेक्ट्रिक मोटर और 60Nm का टॉर्क मिलता है.
3.7 सेकंड में पकड़ती है 60 KM/H की रफ्तार
Flying Flea C6 सिर्फ 3.7 सेकंड में 0 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 115 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है.
फीचर्स से भरपूर है Flying Flea C6
इस बाइक का वजन 124 किलोग्राम है, जिससे इसे चलाना आसान रहता है. इसमें 19 इंच के बड़े व्हील और पतले टायर दिए गए हैं, जो शहर की सड़कों के लिए बेहतर माने जाते हैं.
फीचर्स की बात करें तो इसमें 3.5 इंच का कलर TFT डिस्प्ले, एडजस्टेबल रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, पांच राइडिंग मोड, लीन-सेंसिटिव ट्रैक्शन कंट्रोल और डुअल-चैनल ABS जैसे एडवांस फीचर्स मिलते हैं. इसके अलावा कंपनी 24×7 रोडसाइड असिस्टेंस की सुविधा भी दे रही है.
ये भी पढ़ें- NEET UG 2026 Re-Exam: सीसीटीवी, जैमर, टेलीग्राम बंद... परीक्षा के लिए NTA ने किया हाई-टेक इंतजाम