ठंडी हवाओं से बदला मौसम का मिजाज, दिल्ली में 21 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान, जानें आज का मौसम अपडेट

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ठंडी हवाओं के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. 27 सितंबर को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि आज भी हल्के बादलों और ठंडी हवाओं के बीच मौसम सुहावना रहने का अनुमान है.

delhi-weather-september-coldest-night-temperature-aqi-update-2026
Image Source: Internet

Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में सितंबर का आखिरी सप्ताह मौसम के लिहाज से असामान्य रूप से ठंडा नजर आ रहा है. रविवार को दिनभर बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के कारण राजधानी का मौसम सुहावना बना रहा. 27 सितंबर को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम रहा. तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट के साथ यह 2001 के बाद सितंबर में दर्ज किया गया सबसे कम न्यूनतम तापमान बताया गया है.

वहीं, दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली. रविवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा. ठंडी हवाओं और बादलों की मौजूदगी ने दिन के मौसम को भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी राहतभरा बनाए रखा.

बारिश के बाद दिल्ली की हवा भी हुई साफ

हाल में हुई बारिश का असर राजधानी की वायु गुणवत्ता पर भी दिखाई दिया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB के मुताबिक, रविवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 53 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है. शनिवार को यही AQI 72 रहा था. बारिश और हवाओं के कारण प्रदूषण के स्तर में कमी दर्ज की गई है.

आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार 28 सितंबर को दिल्ली में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि दिन के दौरान धूप निकलने की भी संभावना है. राजधानी में आज अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इस दौरान उत्तर-पश्चिमी हवाएं 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस पूरे सप्ताह मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है, जबकि रात के समय हल्की ठंडक बनी रह सकती है.

दिल्ली-एनसीआर में कहां कितनी बारिश हुई?

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश दर्ज नहीं की गई. हालांकि, इससे पहले के 24 घंटे के आंकड़ों में राजधानी के कई इलाकों में बारिश हुई थी. सुबह 8:30 बजे तक मयूर विहार में 7 मिमी बारिश दर्ज की गई. रिज में 6.8 मिमी, लोधी रोड में 5.2 मिमी, सफदरजंग में 4.9 मिमी, राजघाट में 4.5 मिमी, अयानगर में 4 मिमी, पूसा में 4 मिमी और पालम में 3.7 मिमी बारिश दर्ज हुई. इसी अवधि में नोएडा में सबसे ज्यादा 26.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि गाजियाबाद और फरीदाबाद में 4.5 मिमी बारिश दर्ज हुई.

सितंबर की सबसे ठंडी रातों में शामिल

27 सितंबर की रात का तापमान दिल्ली के सितंबर मौसम के रिकॉर्ड में भी खास रहा. 2001 में सितंबर का सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. इसके बाद 6 सितंबर 2008 को न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा था. वहीं, सितंबर 2024 में 6 सितंबर को न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. 27 सितंबर 2026 को 21 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राजधानी में सितंबर की ठंडी रातों का सिलसिला एक बार फिर चर्चा में आ गया है.

पिछले 24 घंटे में भी तापमान में गिरावट

पिछले 24 घंटों में दिल्ली-एनसीआर के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. इस दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17 से 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. राजधानी में उत्तर-पूर्वी हवाओं की रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही, जबकि पालम में हवा की गति 30 से 33 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई. इस दौरान दिल्ली में अधिकतम नमी 100 फीसदी और न्यूनतम नमी 63 फीसदी दर्ज की गई.

ये भी पढ़ें- Delhi-NCR Weather: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, काले बादल और बारिश ने बढ़ाई ठंडक, अलर्ट जारी