Delhi-Dehradun Expressway: सिर्फ ढाई घंटे मे पूरा होगा सफर, जान लें ये नियम, नहीं तो कटेगा भारी चालान

दिल्ली से देहरादून का सफर अब पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो गया है. बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे आज से आम जनता के लिए खोल दिया गया है.

Delhi-Dehradun Expressway Know these rules Otherwise challan will be issued
Image Source: ANI

Delhi-Dehradun Expressway: दिल्ली से देहरादून का सफर अब पहले से कहीं ज्यादा तेज और आसान हो गया है. बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे आज से आम जनता के लिए खोल दिया गया है. इस आधुनिक परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में किया. इस एक्सप्रेसवे के चालू होने से अब यात्रियों को लगभग ढाई घंटे में अपनी मंजिल तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी.

हालांकि, इस हाई-स्पीड मार्ग पर यात्रा करने से पहले कुछ जरूरी नियमों को जानना बेहद जरूरी है. परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और भारी चालान भी काटा जा सकता है.

हाई-स्पीड सड़क पर सख्त नियम

यह एक्सप्रेसवे तेज रफ्तार वाहनों के लिए तैयार किया गया है, इसलिए यहां सुरक्षा को सबसे अधिक महत्व दिया गया है. बीच रास्ते में वाहन रोकना, खड़ा करना या यू-टर्न लेना पूरी तरह प्रतिबंधित है.

यात्रियों को पहले से ही यह तय करना होगा कि उन्हें कहां से प्रवेश करना है और कहां से बाहर निकलना है, क्योंकि बीच में रुककर चढ़ना-उतरना अनुमति नहीं है.

वन्यजीव क्षेत्र में हॉर्न बजाना मना

इस मार्ग का एक हिस्सा राजाजी राष्ट्रीय उद्यान से होकर गुजरता है, जो एक संवेदनशील वन्यजीव क्षेत्र है. यहां जानवरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हॉर्न बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है.

यदि कोई चालक इस नियम का उल्लंघन करता है, तो उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है.

हर गतिविधि पर नजर, तुरंत कटेगा चालान

पूरे एक्सप्रेसवे पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक कैमरे लगाए गए हैं. ये कैमरे हर वाहन की गति और दिशा पर नजर रखेंगे.

अगर कोई वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक चलता है या गलत दिशा में चलता है, तो उसका चालान अपने आप जारी हो जाएगा.

रात में ड्राइविंग के लिए खास नियम

रात के समय वाहन चलाते वक्त लो-बीम हेडलाइट का उपयोग करना अनिवार्य है. इससे सामने से आने वाले वाहनों को परेशानी नहीं होती और दुर्घटना की संभावना भी कम हो जाती है.

देहरादून प्रवेश पर विशेष सावधानी

देहरादून में प्रवेश करते समय आशारोड़ी के पास एक तेज ढलान आती है. यहां वाहन की गति को नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है.

तेज रफ्तार में वाहन अनियंत्रित हो सकता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए इस हिस्से में विशेष सतर्कता बरतें.

यात्रा से पहले जरूरी तैयारी

यह एक्सप्रेसवे अभी नया है और रास्ते में पेट्रोल पंप या मरम्मत की सुविधाएं पूरी तरह विकसित नहीं हुई हैं. ऐसे में यात्रा शुरू करने से पहले गाड़ी की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है.

ईंधन पूरा रखें, टायरों में सही हवा भरवाएं और वाहन की सर्विस पहले ही करवा लें. तेज रफ्तार में टायर फटने का खतरा ज्यादा होता है, इसलिए सावधानी जरूरी है.

ये भी पढ़ें- Noida Protest: प्रदर्शन के बाद योगी सरकार का बड़ा फैसला, 3000 तक बढ़ाई न्यूनतम मजदूरी, कब से होगा लागू?