CJP Protest Updates: दिल्ली में बिना अनुमति प्रदर्शन करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश के मामले में दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. रविवार को पुलिस ने अलग-अलग थानों में 20 एफआईआर दर्ज की हैं. प्रदर्शनकारियों पर निषेधाज्ञा लागू होने के बावजूद विरोध-प्रदर्शन करने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की, यातायात बाधित करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप हैं. शनिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, संबंधित इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू थी. इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों ने अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन करने की कोशिश की. पुलिस का आरोप है कि इस दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई और पुलिसकर्मियों के काम में बाधा पहुंचाई गई. इन्हीं आरोपों के आधार पर अलग-अलग थानों में कुल 20 एफआईआर दर्ज की गई हैं. पुलिस शनिवार को प्रदर्शन के दौरान घायल हुए दो पुलिसकर्मियों से जुड़े मामले की भी जांच कर रही है. इनमें एक महिला पुलिसकर्मी भी शामिल बताई गई है.
ये भी पढ़ें- Russia से तेल खरीदने पर दुनिया को धमकाया, अब America क्यों पलटा?