1 मैच में 9 विकेट... इस महिला बॉलर ने गेंद से बरपाया कहर, क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा कारनामा

क्रिकेट की दुनिया में अक्सर कुछ अनोखी और चौंकाने वाली घटनाएं घटित होती हैं, लेकिन बीसीए कालाहारी महिला टी20 टूर्नामेंट में ब्राजील की तेज गेंदबाज लॉरा कार्डोसो ने एक ऐसा रिकॉर्ड कायम किया है, जिसे क्रिकेट इतिहास में कभी नहीं देखा गया.

Brazil Laura Cardoso 9 wickets in a match makes T20I history with nine-wicket haul
Image Source: Social Media

क्रिकेट की दुनिया में अक्सर कुछ अनोखी और चौंकाने वाली घटनाएं घटित होती हैं, लेकिन बीसीए कालाहारी महिला टी20 टूर्नामेंट में ब्राजील की तेज गेंदबाज लॉरा कार्डोसो ने एक ऐसा रिकॉर्ड कायम किया है, जिसे क्रिकेट इतिहास में कभी नहीं देखा गया. इस मैच में जहां एक टीम सिर्फ 13 रन पर ऑलआउट हो गई, वहीं लॉरा ने मात्र 3 ओवरों में 9 विकेट चटकाए, और वह भी एक ही पारी में पांच गेंदों पर लगातार पांच विकेट लेकर. यह उपलब्धि पुरुष और महिला दोनों टी20 क्रिकेट इतिहास में एक अभूतपूर्व घटना रही.

लॉरा कार्डोसो का ऐतिहासिक प्रदर्शन

बीसीए कालाहारी महिला टी20 टूर्नामेंट के 14वें मैच में ब्राजील और लेसोथो के बीच कड़ा मुकाबला हुआ. इस मैच में ब्राजील की तेज गेंदबाज लॉरा कार्डोसो ने 9 विकेट लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया. पुरुष और महिला दोनों टी20 क्रिकेट इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब एक खिलाड़ी ने एक पारी में 9 विकेट लिए हों. इससे पहले पुरुष क्रिकेट में भूटान के सोनम येशे ने 8 विकेट चटकाए थे, जबकि महिला क्रिकेट में इंडोनेशिया की रोहमालिया रोहमालिया का 7 विकेट का रिकॉर्ड था, जिसे अब लॉरा ने पार कर दिया.

5 गेंदों पर लगातार 5 विकेट 

इस मैच में ब्राजील ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 202 रन बनाए, जिसके बाद लेसोथो की टीम सिर्फ 13 रन पर ऑलआउट हो गई. यह पूरी पारी महज 6.2 ओवर में समाप्त हुई. इस दौरान लॉरा की गेंदबाजी शानदार रही. उन्होंने अपने ओवर की आखिरी 3 गेंदों पर विकेट लेकर हैट्रिक पूरी की और फिर अगले ओवर में अपनी पहली 2 गेंदों पर विकेट लेकर लगातार 5 गेंदों में 5 विकेट झटके. उन्होंने दूसरे ओवर में 4 विकेट लिए, जबकि तीसरे ओवर में 2 और विकेट लेकर कुल 9 विकेट लेने का रिकॉर्ड बना डाला. इसके चलते ब्राजील ने इस मैच को 189 रन से जीत लिया.

लॉरा कार्डोसो का अहम योगदान

लॉरा कार्डोसो का यह प्रदर्शन न केवल ब्राजील महिला क्रिकेट के लिए, बल्कि वैश्विक क्रिकेट के लिए भी ऐतिहासिक महत्व रखता है. 2021 में, जब वह सिर्फ 16 साल की थीं, उन्होंने ब्राजील के लिए टी20 क्रिकेट में पहली हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड भी बनाया था. अब एक पारी में 9 विकेट लेकर उन्होंने वर्ल्ड क्रिकेट में अपना नाम दर्ज करवा लिया है. यह जीत और यह रिकॉर्ड ब्राजील महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और आने वाले समय में क्रिकेट की दुनिया में एक प्रेरणा बनेगा.

ये भी पढ़ें: थोड़ा नर्वस था... पहली गेंद पर बुमराह को छक्का जड़ने के बाद क्या सोच रहे थे वैभव सूर्यवंशी? बताई पूरी कहानी