‘मिर्जापुर द मूवी’ ने संडे को मचाया भौकाल, ‘हनुमान अंश’ ने भी लूटी महफिल ,जानें बॉक्स ऑफिस पर किसका चला सिक्का

Box Office Collection: रविवार को ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने शानदार कमाई के साथ अपना दबदबा कायम रखा, वहीं ‘हनुमान अंश’ 100 करोड़ के पार पहुंच गई. दूसरी ओर ‘इरुमुडी’ की कमाई ने भी रफ्तार पकड़ी.

box-office-report-mirzapur-toxic-irumudi-hanuman-ansh-earnings
Image Source: Internet

Box Office Collection: वीकेंड खत्म होने के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की कमाई का रोमांचक खेल देखने को मिला. रविवार यानी 6 सितंबर को सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ ने कई फिल्मों के कलेक्शन को रफ्तार दी. नई रिलीज ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने अपने पहले ही वीकेंड में शानदार पकड़ बना ली, वहीं लंबे समय से सिनेमाघरों में चल रही ‘हनुमान अंश’ ने भी पांचवें रविवार को उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया. दूसरी ओर यश की ‘टॉक्सिक’ की रफ्तार अब धीमी पड़ती नजर आ रही है. आइए जानते हैं रविवार को इन फिल्मों ने कितनी कमाई की.

‘मिर्जापुर द मूवी’ ने संडे को मचाया भौकाल

नई रिलीज ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत के बाद अपने ओपनिंग वीकेंड में भी मजबूत प्रदर्शन किया है. फिल्म ने पहले दिन 25.75 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ खाता खोला था. इसके बाद दूसरे दिन यानी शनिवार को कमाई में जबरदस्त उछाल आया और फिल्म ने 32 करोड़ रुपये बटोरे.

अब सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने रिलीज के तीसरे दिन यानी रविवार को करीब 36 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इसके साथ ही फिल्म की भारत में तीन दिनों की नेट कमाई 93.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उससे पहले हफ्ते में 100 करोड़ का आंकड़ा पार करने की उम्मीद मजबूत हो गई है.

‘टॉक्सिक’ की कमाई में मामूली बढ़त

यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ सिनेमाघरों में दूसरे हफ्ते में पहुंच चुकी है, लेकिन फिल्म का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. करीब 500 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने पहले सप्ताह में 239.30 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी.

दूसरे शुक्रवार को फिल्म ने 1.75 करोड़ रुपये कमाए, जबकि शनिवार को कलेक्शन बढ़कर 2.28 करोड़ रुपये पहुंच गया. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, ‘टॉक्सिक’ ने रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे रविवार को 2.42 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसके साथ ही फिल्म का भारत में 12 दिनों का नेट कलेक्शन 245.75 करोड़ रुपये हो गया है.

‘इरुमुडी’ ने तीसरे संडे पकड़ी रफ्तार

रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ भी बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी पकड़ बनाए हुए है. फिल्म ने पहले सप्ताह में 92.15 करोड़ रुपये और दूसरे सप्ताह में 57.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. तीसरे सप्ताह की शुरुआत में भी फिल्म की कमाई अच्छी बनी हुई है.

फिल्म ने 15वें और 16वें दिन 4.90-4.90 करोड़ रुपये कमाए. वहीं सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरे रविवार यानी रिलीज के 17वें दिन ‘इरुमुडी’ ने 6.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इसके साथ ही भारत में फिल्म की 17 दिनों की नेट कमाई 166.30 करोड़ रुपये हो गई है.

‘हनुमान अंश’ ने पांचवें संडे किया कमाल

नीम करौली बाबा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस सफर लगातार चौंका रहा है. शुरुआती हफ्तों में धीमी रफ्तार से आगे बढ़ने वाली इस फिल्म ने चौथे सप्ताह में कमाई की रफ्तार बढ़ाई और अब पांचवें वीकेंड में भी शानदार प्रदर्शन किया है.

रिलीज के 30वें दिन यानी पांचवें शनिवार को फिल्म ने 16.50 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी. इसके बाद रविवार को कलेक्शन में और बड़ा उछाल देखने को मिला. सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 31वें दिन यानी पांचवें रविवार को 22.75 करोड़ रुपये कमाए हैं. इसके साथ ही फिल्म की भारत में 31 दिनों की नेट कमाई 122.13 करोड़ रुपये हो गई है.

रविवार को किस फिल्म का चला सिक्का?

6 सितंबर के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों पर नजर डालें तो नई रिलीज ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं. वहीं ‘हनुमान अंश’ ने अपनी लंबी थिएट्रिकल रन के बावजूद शानदार कमाई करके चौंकाया. ‘इरुमुडी’ ने भी तीसरे रविवार को रफ्तार पकड़ी, जबकि ‘टॉक्सिक’ का कलेक्शन अपेक्षाकृत धीमा रहा.

ये भी पढ़ें- ROADIES REBIRTH REVIEW: रोडीज रिबर्थ में एल्विश यादव वाला तेवर गायब, क्या अभिषेक बने शो की कमजोर कड़ी?