Border 2 Collection: सनी देओल एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने दमदार अंदाज़ के साथ लौट आए हैं और इस बार उनके साथ है देशभक्ति से भरपूर वॉर ड्रामा ‘बॉर्डर 2’. फिल्म ने शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज़ होते ही बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त एंट्री मारी है. रिलीज़ के पहले ही दिन जिस तरह का रिस्पॉन्स फिल्म को मिला है, उसने साफ कर दिया है कि दर्शक इस फिल्म का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे.
रिलीज़ से पहले ही ‘बॉर्डर 2’ ने एडवांस बुकिंग में जबरदस्त प्रदर्शन किया था. टिकट खिड़कियों पर लंबी कतारें और कई शहरों में हाउसफुल शो इस बात का सबूत हैं कि फिल्म को लेकर दर्शकों में गज़ब का उत्साह है. लंबे समय बाद किसी बॉलीवुड फिल्म के लिए ऐसी दीवानगी देखने को मिली है, जहां सिनेमाघरों में सनी देओल की गूंजती आवाज़ और तालियों की गड़गड़ाहट माहौल बना रही है.
पहले दिन की कमाई ने मचाया शोर
अब फिल्म की ओपनिंग डे कलेक्शन के शुरुआती आंकड़े सामने आ चुके हैं. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती अनुमानों के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ ने भारत में पहले दिन लगभग 30 करोड़ रुपये का नेट बिजनेस किया है. हालांकि, ये आंकड़े अर्ली एस्टीमेट हैं और आधिकारिक डेटा आने के बाद इनमें हल्का बदलाव संभव है. इसके बावजूद, यह ओपनिंग किसी भी लिहाज़ से बेहद मजबूत मानी जा रही है.
एडवांस बुकिंग से ही दिख गया था तूफान
फिल्म की सफलता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रिलीज़ से पहले ही ‘बॉर्डर 2’ ने 12.5 करोड़ रुपये की कमाई केवल एडवांस बुकिंग से कर ली थी. देशभर में इसके 4 लाख से ज्यादा टिकट पहले ही बिक चुके थे. यह आंकड़ा साल 2025 में रिलीज़ हुई बड़ी हिट फिल्मों से भी ज्यादा बताया जा रहा है, जिसने ट्रेड एक्सपर्ट्स को चौंका दिया.
पहले वीकेंड में 100 करोड़ की उम्मीद
1997 में आई जेपी दत्ता की सुपरहिट और कल्ट क्लासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ के इस सीक्वल को साल 2026 की पहली बड़ी बॉलीवुड रिलीज़ माना जा रहा था. पहले दिन की शानदार ओपनिंग के बाद अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि ‘बॉर्डर 2’ अपने पहले वीकेंड में ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है. अगर दर्शकों का यही रुझान बना रहा, तो फिल्म आने वाले दिनों में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है.
कुछ रिकॉर्ड्स से रह गई पीछे
हालांकि, दमदार ओपनिंग के बावजूद ‘बॉर्डर 2’ कुछ पुराने रिकॉर्ड्स को तोड़ने से चूक गई. यह विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ के पहले दिन के कलेक्शन (32 करोड़ रुपये) को पार नहीं कर पाई. इसके अलावा, सनी देओल का खुद का सबसे बड़ा ओपनिंग रिकॉर्ड भी अब तक कायम है, जो उन्होंने ‘गदर 2’ (2023) के ज़रिए बनाया था. उस फिल्म ने रिलीज़ के पहले दिन 40.10 करोड़ रुपये की जबरदस्त कमाई की थी.
स्टारकास्ट और मेकिंग
‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल के साथ-साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. वहीं, फिल्म में मोना सिंह, सोनम बाजवा और अन्या सिंह ने भी महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं.
फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने मिलकर किया है, जबकि इसके निर्देशन की जिम्मेदारी अनुराग सिंह ने संभाली है.