Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की गिनती अब अंतिम दौर में पहुँच चुकी है और जैसे-जैसे आंकड़े सामने आ रहे हैं, तस्वीर बेहद स्पष्ट होती जा रही है. राज्य में दो चरणों—6 और 11 नवंबर—में हुई वोटिंग के बाद आज रुझानों ने यह संकेत दे दिया है कि मतदाता किस ओर झुकाव रख रहे थे. शुरुआती गिनती से लेकर दोपहर तक का रुझान इस ओर इशारा करता है कि जदयू–भाजपा गठबंधन राज्य में एक बार फिर सत्ता का झंडा बुलंद करने जा रहा है.
ऐसे माहौल में दिल्ली से भी एक अहम खबर आई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 6 बजे भाजपा मुख्यालय का दौरा करेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. यह संकेत साफ है कि भाजपा नेतृत्व चुनावी नतीजों को लेकर आश्वस्त है और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने की तैयारी में है.
भाजपा और जदयू दफ़्तरों में जश्न की गूंज
जैसे ही शुरुआती रुझानों में एनडीए की बढ़त नजर आई, भाजपा और जदयू के दफ्तरों में जश्न का माहौल बन गया. कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते दिखाई दिए, मिठाइयां बांटी गईं और कई स्थानों पर पटाखे भी छोड़े गए. कई केंद्रों पर कार्यकर्ता लगातार गिनती का अपडेट लेते हुए जश्न के बीच माहौल को और जीवंत बनाए हुए हैं.
रुझान बताते हैं एनडीए की बड़ी बढ़त
अब तक मिले आंकड़ों में एनडीए 202 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि महागठबंधन सिर्फ 35 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. अन्य दल 6 सीटों पर आगे हैं. 243 सीटों वाली विधानसभा में यह रुझान स्पष्ट रूप से बताता है कि राज्य की सत्ता एक बार फिर एनडीए के हाथ में जा रही है. इसमें जदयू की सीटों का ग्राफ भी मजबूती से ऊपर बना हुआ है.
एनडीए नेताओं का आत्मविश्वास और महागठबंधन पर वार
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने रुझानों को बिल्कुल उम्मीदों के अनुरूप बताया. उनका साफ कहना है. “राजग प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा और नीतीश कुमार ही हमारे मुख्यमंत्री होंगे. हमने पहले ही कह दिया था कि हम 160 सीटों से नीचे नहीं जाएंगे. वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने महागठबंधन पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा एक तरफ लालू यादव, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का नेतृत्व है, जो भ्रष्टाचार, जेल-बेल और जंगलराज की पहचान हैं. बिहार की जनता ने शांति और स्थिरता के लिए वोट किया है.
यह भी पढ़ें: मैं बिहार वापस आऊंगा... रुझानों में NDA की जीत के बीच, PM मोदी का भाषण हो रहा VIRAL