छत्रपति शिवाजी महाराज की गौरवगाथा को बड़े पर्दे पर लाएंगे भूषण कुमार, ऋषभ शेट्टी और संदीप सिंह

निर्माता भूषण कुमार ने ऋषभ शेट्टी को छत्रपति शिवाजी महाराज की एक सदी पुरानी पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया; इस महत्वाकांक्षी ऐतिहासिक महागाथा की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने वाली है.

Bhushan Kumar will bring the glorious saga of Chhatrapati Shivaji Maharaj
Image Source: Social Media

निर्माता भूषण कुमार ने ऋषभ शेट्टी को छत्रपति शिवाजी महाराज की एक सदी पुरानी पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया; इस महत्वाकांक्षी ऐतिहासिक महागाथा की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने वाली है.

टी-सीरीज़ ने फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत – छत्रपति शिवाजी महाराज’ के साथ जुड़कर इस महत्वाकांक्षी ऐतिहासिक महागाथा को एक भव्य सिनेमाई रूप देने की दिशा में कदम बढ़ाया है. दो भागों में बनने वाली यह फिल्म भारत के सबसे प्रतिष्ठित ऐतिहासिक नायकों में से एक, छत्रपति शिवाजी महाराज के असाधारण जीवन, विरासत और दूरदर्शी विचारों का उत्सव मनाएगी. इस भव्य परियोजना के लिए भूषण कुमार, संदीप सिंह और ऋषभ शेट्टी एक साथ आए हैं, जो छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके स्वराज्य के अटूट संकल्प को बड़े पर्दे पर जीवंत करेंगे.

इस ऐतिहासिक सहयोग के अवसर पर भूषण कुमार ने ऋषभ शेट्टी को छत्रपति शिवाजी महाराज की एक सदी पुरानी पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया. यह भेंट इस बात का प्रतीक है कि यह पूरी टीम, इस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण गाथा को कितनी गहरी श्रद्धा और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ा रही है.

अनछुए पहलुओं को सामने लाएगी फिल्म

भव्य स्तर पर परिकल्पित यह दो-भागों वाली महागाथा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन की निर्णायक लड़ाइयों, असाधारण बलिदानों, ऐतिहासिक विजय और उनकी यात्रा के उन अनछुए पहलुओं को सामने लाएगी, जिनसे बहुत से लोग अब तक परिचित नहीं हैं. फिल्म का उद्देश्य उनकी अद्वितीय युद्ध-कुशलता, रणनीतिक दूरदृष्टि, निर्भीक नेतृत्व और स्वराज्य की परिवर्तनकारी परिकल्पना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना है, जो आज की पीढ़ी को भी प्रेरित करती है. भारत और विदेशों के प्रतिभाशाली कलाकारों एवं क्रिएटिव विशेषज्ञों की टीम के साथ, यह परियोजना एक विशाल और प्रभावशाली सिनेमाई अनुभव देने का लक्ष्य रखती है, जो भारतीय इतिहास के इस गौरवशाली अध्याय को हर पीढ़ी के दर्शकों तक पहुँचाएगा.

फिल्म को लेकर निर्माता भूषण कुमार ने कहा, “महाराष्ट्र और छत्रपति शिवाजी महाराज जी ने हमें ऐसी विरासत दी है, जिस पर हमें गर्व होना चाहिए. मेरा मानना है कि सिनेमा के माध्यम से इस विरासत का सम्मान करना और इसे पूरी दुनिया तक पहुँचाना, हमारी जिम्मेदारी है. जब संदीप सिंह ने मुझे ‘द प्राइड ऑफ भारत – छत्रपति शिवाजी महाराज’ की कहानी सुनाई, तो इस असाधारण गाथा को बड़े पर्दे पर लाने की जिम्मेदारी का मुझे गहराई से एहसास हुआ. ऋषभ शेट्टी की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और ऐतिहासिक एवं महान व्यक्तित्वों को जीवंत करने की उनकी क्षमता को देखते हुए, मुझे विश्वास है कि हम मिलकर स्वराज्य के साहस, दूरदृष्टि और भावना को हर पीढ़ी के दर्शकों तक पहुँचा पाएँगे. टी-सीरीज़ के लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज और उनकी कालजयी विरासत को समर्पित एक श्रद्धांजलि है.”

फिलहाल फिल्म का प्री-प्रोडक्शन जारी है और इस महत्वाकांक्षी दो-भागों वाली महागाथा की शूटिंग 2027 की शुरुआत में शुरू होने वाली है. ‘द प्राइड ऑफ भारत – छत्रपति शिवाजी महाराज’ केवल इतिहास को दोबारा प्रस्तुत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वराज्य के आदर्शों और उस दूरदर्शी नेतृत्व की अमर विरासत का उत्सव है, जिसके साहस, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व से आज भी पूरा भारत प्रेरणा लेता है.

गुलशन कुमार और टी-सीरीज़ फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत, ‘द प्राइड ऑफ भारत – छत्रपति शिवाजी महाराज’, टी-सीरीज़ फिल्म्स और लीजेंड स्टूडियोज़ की प्रस्तुति है. फिल्म का निर्देशन संदीप सिंह ने किया है. इसके निर्माता भूषण कुमार और कृष्ण कुमार हैं, जबकि इसकी पटकथा ऋषि विरमानी और संदीप सिंह ने लिखी है. ऋषभ शेट्टी, शिव चानना और कबीर सदानंद इस फिल्म के सह-निर्माता हैं.