Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने अपना तीसरा गोल्ड मेडल जीत लिया है. यह कामयाबी महिला कबड्डी टीम ने दिलाई है. भारतीय टीम ने फाइनल में ईरान को कड़े मुकाबले में हराकर गोल्ड अपने नाम किया. इसके साथ ही भारत ने एशियन गेम्स में महिला कबड्डी का लगातार दूसरा और कुल चौथा गोल्ड मेडल जीत लिया है. इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 2018 के फाइनल में ईरान से मिली हार का बदला भी ले लिया.
फाइनल में ईरान को हार के बाद सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. वहीं ताइवान और नेपाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीते.
पहले हाफ में भारत ने बनाई बढ़त
आईची-नागोया में शनिवार 26 सितंबर का दिन भारत के लिए शानदार रहा. सुबह मैराथन में सावन बरवाल ने सिल्वर मेडल जीता और इसके बाद महिला राइफल थ्री पोजिशन टीम इवेंट में भी भारत को सिल्वर मिला. इसके बाद महिला कबड्डी टीम ने गोल्ड जीतकर दिन को और खास बना दिया.
फाइनल में भारतीय टीम को पहले से ही गोल्ड का दावेदार माना जा रहा था. टीम ने शुरुआत से ही ईरान पर दबाव बनाए रखा. पहले हाफ के खत्म होने तक भारत ने 22-16 की बढ़त बना ली थी.
भारत ने पहले हाफ में एक सुपर रेड लगाई और इसके बाद ईरान को ऑल आउट कर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली. हालांकि ईरान ने भी सुपर टैकल के जरिए वापसी की कोशिश जारी रखी.
दूसरे हाफ में ईरान ने दी कड़ी टक्कर
दूसरे हाफ में ईरान ने अपना खेल बेहतर किया और भारतीय टीम को ऑल आउट भी किया. इस हाफ में ईरान ने 18 पॉइंट हासिल किए, जबकि भारत को 15 पॉइंट मिले.
हालांकि, ईरान के खिलाड़ियों से हुई गलतियों का फायदा भारत को मिलता रहा. भारतीय टीम ने दबाव के बावजूद अपनी बढ़त बनाए रखी और आखिरकार फाइनल अपने नाम कर लिया.
चौथी बार भारत ने जीता कबड्डी का गोल्ड
इस जीत के साथ भारत ने एशियन गेम्स में महिला कबड्डी का लगातार दूसरा और कुल चौथा गोल्ड मेडल जीत लिया है. महिला कबड्डी को एशियन गेम्स में पहली बार 2010 में शामिल किया गया था और तब से भारत हर बार फाइनल में पहुंचा है.
भारत ने अब तक महिला कबड्डी के सभी 5 फाइनल खेले हैं. सिर्फ 2018 में ईरान के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा था. अब 8 साल बाद भारत ने उसी ईरान को फाइनल में हराकर पिछली हार का हिसाब बराबर कर लिया और एक बार फिर महिला कबड्डी में अपना दबदबा कायम रखा.
ये भी पढ़ें- Asian Games 2026: राइफल शूटिंग में भारत का जलवा, इन 3 निशानेबाज बेटियों ने दिलाया सिल्वर मेडल