Asian Games 2026: राइफल शूटिंग में भारत का जलवा, इन 3 निशानेबाज बेटियों ने दिलाया सिल्वर मेडल

एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में भारत का अच्छा प्रदर्शन जारी है. पिस्टल शूटिंग में भले ही टीम को ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन राइफल शूटर्स लगातार मेडल जीत रहे हैं.

Asian Games 2026 India in rifle shooting three shooters secured the silver medal
Image Source: Social Media

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग में भारत का अच्छा प्रदर्शन जारी है. पिस्टल शूटिंग में भले ही टीम को ज्यादा सफलता नहीं मिली, लेकिन राइफल शूटर्स लगातार मेडल जीत रहे हैं. इसी कड़ी में भारत की महिला टीम ने राइफल थ्री पोजिशन में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है. पुरुष टीम के मेडल जीतने के एक दिन बाद विदर्सा विनोद, तिलोत्तमा सेन और आशी चौकसी ने टीम इवेंट में 1763 पॉइंट्स के साथ दूसरा स्थान हासिल किया.

भारत ने पिछले एशियन गेम्स में भी राइफल थ्री पोजिशन के महिला टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था.

शूटिंग में भारत का 11वां मेडल

शनिवार 26 सितंबर को राइफल शूटिंग के मुकाबलों का आखिरी दिन था. दिन की शुरुआत महिलाओं के राइफल थ्री पोजिशन इवेंट से हुई. इसमें टीम इवेंट का मेडल मुकाबला और इंडिविजुअल इवेंट का क्वालिफिकेशन राउंड साथ-साथ हुआ.

टीम इवेंट में आशी चौकसी, तिलोत्तमा सेन और विदर्सा विनोद ने शानदार प्रदर्शन किया. भारतीय टीम ने चीन को कड़ी टक्कर दी, लेकिन आखिरी दौर में आशी का निशाना थोड़ा चूक गया. इसके कारण भारत चीन के और करीब नहीं पहुंच सका.

तीनों निशानेबाजों ने कुल 1763 पॉइंट्स हासिल किए और भारत को सिल्वर मेडल दिलाया. एशियन गेम्स में यह भारत का कुल 25वां मेडल है, जिसमें 11 सिल्वर हैं. वहीं शूटिंग में भारत का यह 11वां मेडल और छठा सिल्वर है.

विदर्सा विनोद का इन गेम्स में टीम इवेंट में यह दूसरा मेडल है. इससे पहले वह 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं.

विदर्सा और तिलोत्तमा के पास एक और मौका

महिला टीम इवेंट का मेडल जीतने के बाद भारत के पास अभी दो और मेडल जीतने का मौका है. विदर्सा विनोद और तिलोत्तमा सेन ने राइफल थ्री पोजिशन के व्यक्तिगत इवेंट के फाइनल में जगह बना ली है.

अब दोनों निशानेबाज व्यक्तिगत मुकाबले में मेडल के लिए उतरेंगी. इस इवेंट का फैसला भी शनिवार 26 सितंबर को ही होगा. वहीं आशी चौकसी क्वालिफिकेशन में जरूरी स्कोर हासिल नहीं कर सकीं, इसलिए वह व्यक्तिगत फाइनल में हिस्सा नहीं लेंगी.

ये भी पढ़ें- IND vs WI ODI: वनडे में वेस्टइंडीज के खिलाफ कैसा है भारत का रिकॉर्ड? आंकड़े देखकर रह जाएंगे हैरान