Akshay Kumar 20th Film Crossed 100cr: फिल्मों का 100 करोड़ क्लब आज बॉलीवुड में सफलता का बड़ा पैमाना बन चुका है, लेकिन इसकी शुरुआत कई साल पहले हो गई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म डिस्को डांसर पहली ऐसी फिल्म मानी जाती है, जिसने दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार किया था. हालांकि भारत में 100 करोड़ क्लब की असली शुरुआत आमिर खान की फिल्म गजनी से मानी जाती है, जिसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर यह रिकॉर्ड बनाया.
2008 के बाद से यह ट्रेंड तेजी से बढ़ा और अब तक करीब 150 फिल्में इस क्लब में शामिल हो चुकी हैं. ऐसे में हर बड़े स्टार के लिए 100 करोड़ क्लब में शामिल होना एक बड़ी उपलब्धि माना जाता है. इसी बीच अब अक्षय कुमार ने इस मामले में एक नया रिकॉर्ड बना दिया है और बाकी सभी एक्टर्स को पीछे छोड़ दिया है.
अक्षय कुमार ने बनाया नया रिकॉर्ड
अक्षय कुमार की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म भूत बंगला बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. फिल्म ने रिलीज के 9 दिनों में करीब 100.90 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. इसी के साथ यह फिल्म 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई है.
इस उपलब्धि के साथ अक्षय कुमार के नाम अब 20 ऐसी फिल्में हो गई हैं, जिन्होंने 100 करोड़ से ज्यादा कमाई की है. यह अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है, क्योंकि अब तक किसी भी अभिनेता की इतनी ज्यादा फिल्में इस क्लब में शामिल नहीं हुई हैं.
दूसरे बड़े सितारों से आगे
अगर बाकी एक्टर्स की बात करें तो अजय देवगन इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं, जिनकी 16 फिल्में 100 करोड़ क्लब में शामिल हैं. इसके बाद शाहरुख खान की 10 फिल्में, रणवीर सिंह की 9 फिल्में इस क्लब का हिस्सा हैं.
वहीं ऋतिक रोशन, रजनीकांत और विजय की 8-8 फिल्में 100 करोड़ क्लब में शामिल हैं. इसके अलावा प्रभास और आमिर खान की 7-7 फिल्में इस लिस्ट में आती हैं. इस तरह देखा जाए तो अक्षय कुमार इस मामले में सबसे आगे निकल चुके हैं और उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली है.
कोविड के बाद भी जारी है सफलता
कोविड-19 के बाद फिल्म इंडस्ट्री को काफी नुकसान हुआ था और कई फिल्मों का प्रदर्शन कमजोर रहा. लेकिन इसके बावजूद अक्षय कुमार ने लगातार हिट फिल्में दीं. कोविड के बाद उनकी जिन फिल्मों ने 100 करोड़ क्लब में जगह बनाई, उनमें सूर्यवंशी (करीब 195.04 करोड़), ओएमजी 2 (करीब 150 करोड़), ‘स्काई फोर्स’ (134.93 करोड़), हाउसफुल 5 (198.41 करोड़), जॉली एलएलबी 3 (117.6 करोड़) और भूत बंगला (100.90 करोड़) शामिल हैं. यह दिखाता है कि मुश्किल समय के बाद भी अक्षय कुमार की फिल्मों की कमाई पर ज्यादा असर नहीं पड़ा और उन्होंने अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी.
काम करने का अलग अंदाज
अक्षय कुमार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह साल में 3 से 4 फिल्मों में काम करते हैं, जबकि बाकी बड़े सितारे आमतौर पर 1 या 2 फिल्में ही करते हैं. यही वजह है कि उनके पास ज्यादा मौके होते हैं और वह लगातार दर्शकों के बीच बने रहते हैं.
उनकी फिल्मों का अलग-अलग जॉनर भी उन्हें खास बनाता है. वह एक्शन, कॉमेडी, सोशल मैसेज और ड्रामा जैसी हर तरह की फिल्मों में काम करते हैं, जिससे उनकी फिल्मों को हर तरह के दर्शक पसंद करते हैं.
आने वाली फिल्में
आने वाले समय में भी अक्षय कुमार कई बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं. उनकी अपकमिंग फिल्मों में हैवान, वेलकम टू जंगल और हेरा फेरी 3 शामिल हैं. फैंस को उम्मीद है कि ये फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करेंगी और अक्षय कुमार अपने रिकॉर्ड को और मजबूत करेंगे.
ये भी पढ़ें- सबसे ज्यादा परेशान बहन और बेटी... ठाकुरनगर में बोले पीएम मोदी, मतुआ समुदाय को दिया ये भरोसा