Bombay High Court: देश की दो प्रमुख न्यायिक संस्थाओं को बम धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है. दिल्ली हाईकोर्ट के बाद अब मुंबई स्थित बॉम्बे हाईकोर्ट को भी ईमेल के ज़रिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. शुक्रवार दोपहर को भेजे गए इस धमकी भरे ईमेल के बाद बॉम्बे हाईकोर्ट परिसर को तत्काल प्रभाव से खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर सघन जांच शुरू कर दी है.
शुक्रवार दोपहर बॉम्बे हाईकोर्ट को एक संदिग्ध ईमेल मिला, जिसमें कोर्ट परिसर में बम रखे होने की बात कही गई थी. इसके तुरंत बाद मुंबई पुलिस, बम स्क्वाड और विशेष जांच टीमें मौके पर पहुंचीं और हाईकोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली कराया गया.
हाईकोर्ट से बाहर निकलते वकीलों और स्टाफ ने मीडिया को बताया कि उन्हें अंदर से बाहर निकलने का निर्देश मिला था. फिलहाल कोर्ट की तलाशी जारी है और किसी विस्फोटक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
दिल्ली हाईकोर्ट को भी मिली थी धमकी
इससे पहले शुक्रवार सुबह दिल्ली हाईकोर्ट को भी एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था, जिसमें दोपहर बाद जज चैंबर में विस्फोट की चेतावनी दी गई थी. धमकी में कहा गया था कि यह "पिछले अलर्ट्स को नजरअंदाज करने का नतीजा" होगा. मेल में तीन बम प्लांट होने का दावा किया गया था.
दिल्ली पुलिस, बम स्क्वाड और स्पेशल सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाईकोर्ट परिसर को खाली कराया और जांच शुरू की. अब तक वहां भी किसी विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है.
मेल में किया गया चौंकाने वाला दावा
दिल्ली हाईकोर्ट को मिले ईमेल में पाकिस्तान की ISI और तमिलनाडु के कुछ राजनीतिक नामों का जिक्र किया गया है. मेल में एक साजिश का दावा किया गया है, जिसमें राजनीतिक परिवारों को भी निशाना बनाने की बात लिखी गई है.
ईमेल में एक व्यक्ति का नाम और मोबाइल नंबर भी दिया गया है और दावा किया गया है कि बम की लोकेशन और डिफ्यूज़िंग कोड उस व्यक्ति के पास है. यह नाम है: सत्यभामा सेंगोट्टायन. मेल की भाषा और संदर्भ कई गंभीर प्रश्न खड़े करते हैं, जिनकी प्रारंभिक जांच केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियां कर रही हैं.
क्या है अब तक की स्थिति?
यह भी पढ़ें- दिल्ली हाईकोर्ट में बम की धमकी से मचा हड़कंप, जज और वकील निकले बाहर, जांच जारी