जेल से फिल्मी अंदाज में फरार हुए 8 कैदी, खोदी 4 मीटर लंबी सुरंग; सुरक्षाकर्मियों को नहीं लगी भनक

नेपाल के डोल्पा जिला जेल से 8 कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है. कैदियों ने जेल के सेप्टिक टैंक से जुड़ी जगह से करीब 4 मीटर लंबी सुरंग खोदी और उसके रास्ते बाहर निकल गए.

Nepal 8 prisoners escaped from jail by digging a 4-meter-long tunnel
प्रतिकात्मक तस्वीर/ Social Media

नेपाल के डोल्पा जिला जेल से 8 कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है. कैदियों ने जेल के सेप्टिक टैंक से जुड़ी जगह से करीब 4 मीटर लंबी सुरंग खोदी और उसके रास्ते बाहर निकल गए. यह घटना 31 अक्टूबर की सुबह हुई. हैरानी की बात यह है कि जेल में 17 कैदियों की सुरक्षा के लिए 15 सुरक्षाकर्मी तैनात थे, फिर भी किसी को इसकी भनक नहीं लगी.

डोल्पा जिला जेल की क्षमता 150 कैदियों की है. यहां 50 महिलाओं और 100 पुरुषों के रहने की व्यवस्था है. घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

फरार कैदियों में 5 पर रेप और 3 पर चोरी का आरोप

जेल से भागे 8 कैदियों में से 5 पर रेप और 3 पर चोरी के मामले दर्ज हैं. इनमें दो विचाराधीन कैदी हैं, जबकि बाकी छह को सजा सुनाई जा चुकी है. जेलर दीर्घराज आरसी के मुताबिक, विचाराधीन कैदी हाल ही में जेल आए थे. वहीं, अन्य कैदियों को 1 से 12 साल तक की सजा मिली हुई थी.

फरार कैदियों में कालीप्रसाद रोकाया (29), धनबहादुर उर्फ हरिबहादुर बुडा (28), यज्ञ बिक (25), कैलाश उर्फ कपिल परियार (19), तिलक भंडारी (38), रामबहादुर कामी (32), निशान उर्फ आदेश भंडारी (32) और रेशम राणा (28) शामिल हैं. ये सभी डोल्पा, जाजरकोट, रुकुम पश्चिम और सल्यान जिलों के रहने वाले हैं.

सोने की जगह से सेप्टिक टैंक तक खोदी सुरंग

जेलर दीर्घराज आरसी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे कैदियों के फरार होने की जानकारी मिली. सुबह तलाशी के दौरान पता चला कि कैदियों ने सोने की जगह से सेप्टिक टैंक तक रास्ता बनाया था. इसके बाद वहां से सुरंग खोदकर जेल की दीवार के बाहर निकलने का रास्ता तैयार किया.

जेल में अब 9 कैदी बचे हैं. जेलर के मुताबिक, वहां मौजूद कैदियों और सुरक्षाकर्मियों को सुरंग खोदे जाने की कोई जानकारी नहीं थी.

बारिश और बिजली कटने का दिया हवाला

जेलर आरसी ने नेपाली मीडिया 'राटोपाटी' को बताया कि घटना वाली रात बारिश हो रही थी और बिजली भी चली गई थी. ठंड भी बढ़ रही थी. उनके अनुसार, कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों की पोस्ट के बीच से सुरंग खोदी थी. जेल में एक दूसरी पोस्ट भी है, जो करीब 20 से 21 फीट ऊंची है. रात के समय नीचे से सुरंग का काम दिखाई नहीं दे रहा था.

हालांकि, 15 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद 8 कैदियों का इस तरह फरार होना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.