पाकिस्तान के लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा के वरिष्ठ कमांडर चौधरी मोहम्मद सरवर उर्फ अबू हाशिम की मौत हो गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह मस्जिद की सीढ़ियों से उतरते समय फिसल गया और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी जान चली गई. सरवर आतंकी संगठन के संस्थापक सदस्यों में शामिल था और हाफिज सईद का करीबी माना जाता था. अमेरिका ने उसे वैश्विक आतंकवादी घोषित किया हुआ था.
लश्कर के वित्त विभाग में अहम जिम्मेदारी
रिपोर्ट के अनुसार, चौधरी मोहम्मद सरवर लश्कर-ए-तैयबा के वित्त विभाग ‘खिदमत-ए-खल्क’ का उप प्रमुख था. इसके अलावा, वह संगठन में पंजाब प्रांत की जिम्मेदारी भी संभाल रहा था. उस पर आतंकियों की भर्ती करने और संगठन के लिए फंड जुटाने की जिम्मेदारी होने की बात कही गई है.
लाहौर स्थित मरकज कुदसिय्या को लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय बताया जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाफिज सईद का बेटा तल्हा सईद इस केंद्र को संचालित करता है.
सैफुल्ला कसूरी ने मौत की पुष्टि की
लश्कर-ए-तैयबा के उप प्रमुख सैफुल्ला कसूरी के एक कथित ऑडियो संदेश में सरवर की मौत की जानकारी दी गई. इसमें बताया गया कि असर की नमाज के लिए मस्जिद जाते समय वह सीढ़ियों पर फिसल गया था. गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई, जो उसकी मौत की वजह बनी.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरवर के अंतिम संस्कार में लश्कर-ए-तैयबा के वरिष्ठ नेताओं के अलावा पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई के कई अधिकारी भी शामिल हुए. हालांकि, घटना से जुड़ी सभी जानकारियों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.