Florida Firing: अमेरिका के फ्लोरिडा में गोलीबारी की एक बड़ी घटना सामने आई है. तल्लाहासी में फ्लोरिडा ए एंड एम यूनिवर्सिटी के होमकमिंग वीकेंड के दौरान फुटबॉल स्टेडियम के पास फायरिंग हुई. इस घटना में कम से कम 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह बच्चे भी शामिल हैं. अधिकारियों के मुताबिक, घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है.
यह घटना शनिवार को फुटबॉल मैच के बाद भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई. पुलिस के अनुसार, 11 लोगों को गोली लगी है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. तल्लाहासी के पुलिस प्रमुख लॉरेंस रेवेल ने बताया कि अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
झगड़े के बाद हुई गोलीबारी
पुलिस के शुरुआती जांच में पता चला है कि गोलीबारी से पहले मौके पर किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. इसके बाद वहां फायरिंग शुरू हो गई. पुलिस और स्थानीय एजेंसियां घटना से जुड़े लोगों की पहचान करने में जुटी हैं.
फ्लोरिडा ए एंड एम यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया पर बताया कि गोलीबारी उसके एक भवन के पास हुई थी, लेकिन यूनिवर्सिटी का कैंपस सुरक्षित है.
लगातार सामने आ रही गोलीबारी की घटनाएं
अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं. फ्लोरिडा की घटना से पहले एरिजोना के एक व्यस्त मनोरंजन क्षेत्र में आधी रात को फायरिंग हुई थी, जिसमें नौ लोग घायल हो गए थे. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में हमलावर को मार गिराया था.
इसी महीने 9 अक्टूबर को पेंसिल्वेनिया के एरी शहर में एक रिहायशी इलाके में गोलीबारी हुई थी. इस घटना में दो बच्चों समेत नौ लोगों की मौत हो गई थी. संदिग्ध हमलावर भी मारा गया था.
इससे पहले टेनेसी के एक पार्क में जुटी भीड़ पर कार में सवार हमलावरों ने राइफल से फायरिंग की थी. इस घटना में तीन लोगों की मौत हुई थी.
मंदिर पर हमले की साजिश भी हुई थी नाकाम
अमेरिका में हिंसक घटनाएं लंबे समय से प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं. हाल ही में शिकागो के पास ऑरोरा में स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर पर हमले की कथित साजिश को पुलिस ने नाकाम किया था.
इस मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय अलेक्जेंड्रोस पपोराकिस को गिरफ्तार किया था. उसके पास से राइफल और दूसरे हथियार भी बरामद किए गए थे. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के कारण अमेरिका में सार्वजनिक जगहों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है.