बीच आसमान प्लेन के अंदर निकलने लगा धुआं, हैदराबाद में उतारनी पड़ी इंडिगो फ्लाइट, जानें क्‍या हुआ

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा.

IndiGo flight Delhi to Chennai emergency landing Hyderabad
Image Source: Social Media

IndiGo Flight Diverted: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक यात्री के निजी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा. सुरक्षा को देखते हुए विमान को हैदराबाद की ओर मोड़ दिया गया. इसके बाद 11 अक्टूबर 2026 को फ्लाइट की राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई.

यह घटना इंडिगो की फ्लाइट 6E 6115 में हुई. एयरलाइन के मुताबिक, विमान में एक यात्री के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकलने लगा था. इसके बाद केबिन क्रू ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को संभाला. सुरक्षा नियमों के तहत पायलटों ने विमान को हैदराबाद डायवर्ट करने का फैसला लिया.

हैदराबाद में सुरक्षित उतारा गया विमान

इंडिगो ने बताया कि केबिन क्रू ने घटना के दौरान तुरंत कदम उठाए. इसके बाद विमान को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया. इस घटना के कारण दिल्ली से चेन्नई जा रहे यात्रियों की यात्रा बीच में रुक गई.

यात्रियों के लिए दूसरे विमान का इंतजाम

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद इंडिगो ने यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की. एयरलाइन यात्रियों को खाने-पीने की चीजें दे रही है और उन्हें आगे की यात्रा से जुड़ी जानकारी भी समय-समय पर दी जा रही है.

इंडिगो ने इस घटना के कारण यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है. एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. साथ ही, यात्रियों की असुविधा कम करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं.