Riad Airport Attack: सऊदी अरब के रियाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन और मिसाइल हमले के बाद हालात गंभीर हो गए हैं. भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया कि इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य भारतीय घायल हुए हैं. भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन और अस्पतालों के संपर्क में है. दूतावास घायलों के इलाज पर नजर रख रहा है और उन्हें जरूरी मदद पहुंचाई जा रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में कुल 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. भारत ने नागरिकों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है. विदेश मंत्रालय ने 10 अक्टूबर को हुए हमले में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की. भारत ने साफ कहा कि ऐसे हमले अस्वीकार्य हैं और इन्हें तुरंत रोका जाना चाहिए.
सऊदी के समर्थन में भारत, शांति की अपील
भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता और सुरक्षा के समर्थन में वहां की सरकार और जनता के साथ एकजुटता जताई है. विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि क्षेत्र में जल्द शांति बहाल होगी और हालात सामान्य होंगे.
सऊदी अरब में हवाई अड्डों पर लगातार हो रहे हमलों से आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. भारत ने दोहराया कि नागरिक ठिकानों को निशाना बनाना किसी भी हाल में सही नहीं है. ऐसे हमलों से क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता पर भी असर पड़ता है.
Update regarding Riyadh Airport attack on October 10. It is learnt that one Indian national injured in the Riyadh attack has unfortunately lost his life today. We convey our heartfelt condolences to the family of the deceased. We are in touch with the family and will provide all support for ensuring the early repatriation of mortal remains. @MEAIndia
— India in Saudi Arabia (@IndianEmbRiyadh) October 11, 2026
8 अक्टूबर को भी भारत ने की थी निंदा
भारत ने इससे पहले 8 अक्टूबर को सऊदी अरब के दो हवाई अड्डों पर हुए हमलों की भी निंदा की थी. रिपोर्ट के मुताबिक, हूती विद्रोहियों ने इन हवाई अड्डों को निशाना बनाया था. इसके बाद भारत ने नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमलों को अस्वीकार्य बताया था.
सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई थी. उनसे स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और सुरक्षा से जुड़ी सूचनाओं पर ध्यान देने की अपील की गई थी.
पिछले हमलों में भी गई थी लोगों की जान
रिपोर्ट के अनुसार, किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहले हुए दो हमलों में चार लोगों की मौत हुई थी. इन हमलों में सऊदी अरब के एक व्यावसायिक विमान को भी भारी नुकसान पहुंचा था.
ताजा हमला पिछले एक दशक से अधिक समय में सऊदी अरब में हुए सबसे घातक हमलों में शामिल बताया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, घायलों की संख्या बढ़कर 309 तक पहुंच गई थी. इन घटनाओं ने सऊदी अरब की हवाई सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं.
सऊदी अरब यमन की सरकार के समर्थन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य अभियान चलाता रहा है. हूतियों को ईरान का समर्थन प्राप्त है. क्षेत्र में बढ़ते हमलों के बीच भारत ने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जल्द शांति बहाल करने की अपील की है.