क्रिकेट की दुनिया में एक नई और अनोखी शुरुआत होने जा रही है. अब मैदान पर महिला और पुरुष क्रिकेटर एक ही टीम का हिस्सा बनकर खेलते नजर आएंगे. पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान की सह-स्वामित्व वाली कंपनी एंकर स्पोर्ट्स एबी (Anchor Sports AB) और जर्मन क्रिकेट फेडरेशन ने मिलकर 'Equal' नाम की मिक्स्ड जेंडर टी20 लीग शुरू करने का ऐलान किया है. इस टूर्नामेंट का आयोजन अगले साल अगस्त में किया जाएगा.
इस लीग में कुल पांच टीमें हिस्सा लेंगी. इसका मुख्य उद्देश्य महिला और पुरुष पेशेवर क्रिकेटरों को एक साथ टी20 फॉर्मेट में खेलने का मौका देना है. इस पहल को जर्मनी में क्रिकेट के विस्तार और खेल में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
जहीर खान ने बताया क्रिकेट के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम
जहीर खान ने 'Equal' लीग की शुरुआत को क्रिकेट के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया है. उन्होंने कहा कि क्रिकेट में लोगों को एक साथ लाने की ताकत है. खासकर यूरोप जैसे उभरते बाजारों में इस खेल की लोकप्रियता इस बात पर निर्भर करेगी कि इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कितनी आसानी से पहुंचाया जाता है.
उन्होंने आगे कहा कि 'Equal' जैसी पहल इसी दिशा में अहम कदम है. इसके जरिए अलग-अलग जेंडर के लोगों को क्रिकेट में हिस्सा लेने, योगदान देने और इस खेल के विकास का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा.
ऐसा होगा मिक्स्ड जेंडर टी20 लीग का फॉर्मेट
'Equal' टी20 लीग के शुरुआती फॉर्मेट में पांच टीमें हिस्सा लेंगी और इनके बीच कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे. हर टीम में 18 खिलाड़ी शामिल होंगे. हालांकि, मैच के दौरान मैदान पर उतरने वाली प्लेइंग इलेवन में महिला और पुरुष खिलाड़ियों का अनुपात पहले से तय रहेगा.
हर टीम की प्लेइंग इलेवन में छह महिला और पांच पुरुष क्रिकेटर होंगे. यानी प्रत्येक मुकाबले में महिला और पुरुष खिलाड़ी एक ही टीम से खेलते हुए नजर आएंगे. इस तरह यह लीग क्रिकेट में लैंगिक समानता और खिलाड़ियों की साझा भागीदारी को बढ़ावा देने का एक नया मंच बनेगी.
अगस्त 2027 में होगा टूर्नामेंट
इस मिक्स्ड जेंडर टी20 लीग का आयोजन अगस्त 2027 में प्रस्तावित है. पांच टीमों और 12 मुकाबलों वाले शुरुआती फॉर्मेट के जरिए आयोजक इस नए कॉन्सेप्ट को पेशेवर क्रिकेट में स्थापित करने की कोशिश करेंगे. अब देखना होगा कि 'Equal' लीग को क्रिकेट प्रशंसकों और खिलाड़ियों से कैसी प्रतिक्रिया मिलती है.