Anju Nasrullah love story 34 वर्षीय अंजू और 29 साल के पाकिस्तानी युवक नसरुल्लाह की मोहब्बत के किस्से-अफसाने अब भी पाकिस्तान और हिंदुस्तान की मीडिया में सुर्खियां बटोर रहे हैं. पाकिस्तान में प्रेमी नसरुल्लाह से निकाह करने के लिए वीजा लेकर गईं अंजू भारत लौट आई हैं और दिल्ली से सटे किसी शहर में बच्चों के साथ रह रही हैं. अंजू ने खुद कबूला है कि उन्होंने न केवल इस्लाम धर्म अपनाया है, बल्कि अपना नाम फातिमा भी रख लिया है. इसको लेकर नसरुल्लाह के परिवार का कोई दबाव नहीं था. वैसे यह बात किसी भारतीय को हजम नहीं हो रही है.
भारत के खिलाफ कुछ नहीं किया
इस बीच पाकिस्तान से लौटी अंजू ने भारत 24 पर एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कई अहम खुलासे किए हैं. उन्होंने बड़ी ही साफगोई से कहा कि उन्होंने भारत देश के खिलाफ कुछ नहीं किया है. उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि पाकिस्तान मेरा प्यार है और भारत मेरा घर है. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कबूल किया है कि अब तक भारतीय पति अरविंद के साथ तलाक की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है.
पाकिस्तान में मुझे बहुत प्यार मिला
अंजू ने भारत 24 पर एक्सक्लूसिव बातचीत में कहा कि पाकिस्तान में 6 महीने के दौरान उन्हें भरपूर प्यार मिला. पति नसरुल्लाह भी बहुत अच्छे हैं और उनके परिवार ने तहेदिल से उन्हें स्वीकार किया है. उन्होंने यहां तक कहा कि उन्होंने अपने भारत में रह रहे बच्चों से पाकिस्तानी पति नसरुल्लाह से बात भी कराई है. दोनों ओर से अच्छे से बात हुई. मेरे पति नसरुल्लाह और भारतीय बच्चे दोनों एक-दूसरे को पसंद करते हैं. अंजू ने य़ह भी कहा कि बच्चे मेरे साथ प्यार से रहते हैं और बच्चों पर कोई दबाव नहीं है कि वह किसके साथ रहें और किसे छोड़ें?
पहले पति से तलाक नहीं हुआ
अंजू ने कहा कि सोशल मीडिया के जरिये ही पाकिस्तानी युवक नसरुल्लाह से परिचय हुआ और फिर धीरे-धीरे प्यार हो गया. वह शादी के इरादे से पाकिस्तान नहीं गई थी, बल्कि यह अचानक ही हुआ. उन्होंने कहा कि जब चर्चा ज्यादा हो गई तो उन्होंने नसरुल्लाह के साथ शादी कर ली. पाकिस्तान में मुझे कोई परेशानी नहीं हुई, वहां पर बहुत प्यार मिला.
पाकिस्तानियों की नजर में बड़ा भाई है भारत
दिल्ली से सटे शहर में बच्चों के साथ रह रही अंजू ने कहा कि पाकिस्तानी भारत को बड़ा भाई मानते हैं. भारत को पाकिस्तानी बड़ा पसंद करते हैं. अंत में उन्होंने यह भी कहा कि मेरा भविष्य नसरुल्लाह के साथ है. इस तरह उन्होंने यह संकेत भी दे दिया है कि वह भारतीय पति अरविंद को तलाक देने की सोच रही हैं, साथ ही अरविंद के साथ जिंदगी बिताने के बारे में योजना बन रही हैं.