अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कनक्लूजन’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी पकड़ बनाए हुए है. रिलीज के आठवें दिन भी फिल्म की कमाई जारी है और इसने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. क्राइम थ्रिलर की कहानी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब रही है. फिल्म की इस कमाई ने इसे अजय देवगन के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल कर दिया है.
आठवें दिन भी जारी रहा कमाई का सिलसिला
‘दृश्यम 3’ ने पहले दिन 62 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ शानदार शुरुआत की थी. इसके बाद शुरुआती सप्ताह में भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत रहा. सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले सात दिनों में 245.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. वहीं, आठवें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को शाम 6 बजे तक फिल्म ने 4.90 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी. इस तरह फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 250.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. हालांकि, आठवें दिन के ये आंकड़े शुरुआती अनुमान हैं और इनमें बदलाव संभव है.
‘दृश्यम 2’ के लाइफटाइम कलेक्शन को छोड़ा पीछे
250 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करते ही ‘दृश्यम 3’ ने अपनी पिछली फिल्म ‘दृश्यम 2’ के लाइफटाइम इंडिया नेट कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है. सैकनिल्क के अनुसार, ‘दृश्यम 2’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 239.67 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, जबकि उसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 342.31 करोड़ रुपये रहा था. महज आठ दिनों में इस आंकड़े को पार करना अजय देवगन की नई फिल्म के लिए एक अहम उपलब्धि है. फिल्म की कमाई का सिलसिला आगे भी जारी रहने पर इसकी कुल कमाई में और इजाफा हो सकता है.
‘सिंघम अगेन’ का रिकॉर्ड भी टूटा
‘दृश्यम 3’ की कमाई ने अजय देवगन की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ के इंडिया नेट कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, ‘सिंघम अगेन’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 247.86 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि ‘दृश्यम 3’ का कलेक्शन 250.40 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. इस तरह फिल्म ने आठ दिनों के भीतर दो बड़ी फिल्मों के घरेलू कलेक्शन को पार कर लिया है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह क्राइम थ्रिलर बॉक्स ऑफिस पर कितनी आगे जाती है.
बनी अजय देवगन की दूसरी हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म
इसके साथ ही 'दृश्यम 3' ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा खासा बिजनेस किया है और अब ये अजय देवगन के करियर की दूसरी हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्म भी बन चुकी है. देखिए अजय देवगन की टॉप 10 हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों की लिस्ट...
1. तान्हाजी द अनसंग वॉरियर- 279 करोड़
2. दृश्यम 3- 250.40 करोड़ (रनिंग)
3. सिंघम अगेन- 250.4 करोड़
4. दृश्यम 2- 240 करोड़
5. गोलमाल अगेन- 205 करोड़
6. रेड 2- 173.5 करोड़
7. धमाल 4- 168.7 करोड़
8. टोटल धमाल- 155 करोड़
9. सिंघम रिटर्न्स- 140 करोड़
10. शैतान- 150.1 करोड़
ये भी पढ़ें: साउथ से लेकर नॉर्थ इंडिया तक ‘बत्त्था’ का जलवा, विजय सेतुपति की फिल्म देशभर में मचा रही धमाल