भगवंत मान फिर धुरी से लड़ेंगे चुनाव, AAP ने जारी की पहली उम्मीदवार सूची, जानें किसे कहां से मिला टिकट

Punjab Election 2027: आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को धूरी से टिकट दिया गया है, जबकि 37 मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका मिला है.

aap-announces-first-list-of-forty-punjab-candidates
Image Source: Internet

Punjab Election 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. चुनावी रणनीति के तहत पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. इस सूची में कुल 40 नाम शामिल हैं, जिनमें 37 मौजूदा विधायकों को एक बार फिर चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया गया है. वहीं, तीन सीटों पर ऐसे उम्मीदवारों को मौका दिया गया है, जहां पार्टी को 2022 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था.

उम्मीदवारों की इस सूची का ऐलान दिल्ली में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर हुई राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक के बाद किया गया. दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की.

धूरी से ही चुनाव लड़ेंगे मुख्यमंत्री भगवंत मान

आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है. मान फिलहाल संगरूर जिले की धूरी सीट से विधायक हैं. उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में इसी सीट से जीत दर्ज की थी. उस चुनाव में भगवंत मान ने कांग्रेस उम्मीदवार दलवीर सिंह गोल्डी को 58,206 वोटों के बड़े अंतर से हराया था. उन्हें कुल 82,592 वोट मिले थे. पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताते हुए धूरी से उम्मीदवार बनाया है.

40 उम्मीदवारों की पहली सूची में इन नेताओं को मिला मौका

आम आदमी पार्टी की पहली सूची में कई प्रमुख नाम शामिल हैं. धूरी से मुख्यमंत्री भगवंत मान को टिकट दिया गया है, जबकि लुधियाना वेस्ट से संजीव अरोड़ा चुनाव लड़ेंगे. अमृतसर दक्षिण से डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू और होशियारपुर से ब्रह्म शंकर शर्मा जिम्पा को उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, फतेहगढ़ साहिब सीट से लखबीर सिंह राय को पार्टी ने चुनावी मैदान में उतारा है. पार्टी ने कुल 40 उम्मीदवारों की सूची में 37 मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया है. बाकी तीन सीटें वे हैं, जहां आम आदमी पार्टी को पिछले यानी 2022 के विधानसभा चुनाव में हार मिली थी. इस फैसले के जरिए पार्टी ने अपने मौजूदा विधायकों पर भरोसा बरकरार रखने का संकेत दिया है.

पहली सूची में किसी कैबिनेट मंत्री का नाम नहीं

आम आदमी पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची की एक खास बात यह भी है कि इसमें पंजाब कैबिनेट के किसी भी मंत्री का नाम शामिल नहीं किया गया है. उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाने के लिए दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के आवास पर राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक हुई थी. इसके बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 40 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया.

ये भी पढ़ें- त्योहारों से पहले बड़ा खतरा टला! AK-47, कारतूस और हैंड ग्रेनेड बरामद, अमृतसर पुलिस ने नाकाम की बड़ी साजिश