सितंबर में ठंड ने बनाया रिकॉर्ड, दिल्ली में 21 डिग्री पहुंचा पारा, कल कैसा रहेगा मौसम?

Weather Forecast: राजधानी दिल्ली में रविवार की सुबह मौसम ने एक नया रिकॉर्ड बनाया. सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह साल 2001 के बाद सितंबर महीने का दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान है.

September cold record mercury drops to 21 degrees in Delhi weather tomorrow
Image Source: ANI/ File

Weather Forecast: राजधानी दिल्ली में रविवार की सुबह मौसम ने एक नया रिकॉर्ड बनाया. सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह साल 2001 के बाद सितंबर महीने का दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान है. रविवार शाम को हुई हल्की बारिश से मौसम और भी सुहावना हो गया. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को दिल्ली में बारिश के तीन से चार दौर आए. इस दौरान पूरे दिन 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं. सफदरजंग में 4.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. बारिश और तेज हवाओं के असर से रविवार तड़के तापमान में गिरावट आई और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया.

मौसम विभाग के मुताबिक 2001 के बाद सितंबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 सितंबर 2008 को दर्ज किया गया था. उस दिन तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रहा था. इसके बाद 19 सितंबर 2024 को 21.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था. ऐसे में इस साल 27 सितंबर को 21.0 डिग्री तापमान सितंबर का दूसरा सबसे ठंडा दिन बन गया है.

अधिकतम तापमान भी सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा

रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में इसमें 1.4 डिग्री की गिरावट आई. यह सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो पिछले 24 घंटे के मुकाबले 2.2 डिग्री कम है. यह सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा.

अक्तूबर की गुलाबी ठंड का स्वागत

विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाओं और हाल में हुई बारिश के बाद आसमान साफ होने से रात के तापमान में कमी आई है. मानसून की विदाई से पहले आई यह ठंडक आने वाले दिनों में अक्तूबर की गुलाबी ठंड की शुरुआत का संकेत मानी जा रही है.

पूरे दिन मौसम रहा खुशनुमा

रविवार को दिल्ली में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही. शाम के समय हल्की बारिश भी हुई, जिससे मौसम ठंडा और सुहावना हो गया.

ये भी पढ़ें- IND vs WI: 59 रन बनाते ही विराट कोहली ने रचा इतिहास, ODI में ये रिकॉर्ड किया अपने नाम