सऊदी अरब की राजधानी रियाद के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को धमाके की खबर से अफरा-तफरी मच गई. शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने इसकी जानकारी दी है. यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से मिसाइल हमलों में तेजी आने की खबरें हैं. इससे पहले भी एयरपोर्ट पर हुए एक हमले में तीन लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई थी.
हमले में घायल पांच लोग ICU में भर्ती
न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में घायल पांच लोगों को इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में रखा गया है. हालांकि, सऊदी अरब के सरकारी अधिकारियों और देश के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने फिलहाल धमाके को लेकर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है. किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी एयरलाइन से संपर्क करें और उड़ानों की ताजा स्थिति की जानकारी लेते रहें.
सुरक्षा के मद्देनजर एयरलाइंस ने रद्द कीं उड़ानें
क्षेत्र में सुरक्षा हालात को देखते हुए कई एयरलाइंस ने अपने उड़ान शेड्यूल में बदलाव किया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, एतिहाद एयरवेज और कतर एयरवेज ने रियाद से जुड़ी कुछ उड़ानें रद्द की हैं, जबकि कुछ रद्दीकरण सोमवार तक प्रभावी रह सकते हैं. इससे पहले हुए हमलों में सऊदी अरब की राष्ट्रीय एयरलाइन सऊदिया के एक विमान को भी नुकसान पहुंचने की खबर आई थी. लगातार सामने आ रही घटनाओं के चलते कुछ एयरलाइंस ने सऊदी अरब के लिए अपनी सेवाएं रोकने या अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का फैसला किया है.
बड़े सम्मेलन से पहले बढ़ी सुरक्षा की चिंता
रियाद एयरपोर्ट पर धमाके की खबर ऐसे समय आई है, जब शहर में एक बड़े ऊर्जा और निवेश सम्मेलन का आयोजन होने वाला है. लगातार हमलों और उड़ानों में बदलाव से यात्रियों के साथ-साथ विमानन क्षेत्र की चिंता भी बढ़ गई है. फिलहाल धमाके की परिस्थितियों और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी एयरलाइन से उड़ान संबंधी अपडेट जरूर हासिल करें.
ये भी पढ़ें: अमेरिका में गोलीबारी की खौफनाक वारदात, दो मासूमों समेत 9 की जान गई; हमलावर की भी मौत