Char Dham Yatra News: उत्तराखंड में खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए चार धाम यात्रा को दो दिनों के लिए रोक दिया गया है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. तेज बारिश की आशंका को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के लिए 27 और 28 सितंबर को यात्रा बंद रखने का फैसला लिया गया है. प्रशासन ने यह कदम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया है. मौसम में सुधार होने के बाद चार धाम यात्रा फिर शुरू कर दी जाएगी.
भारी बारिश की वजह से रोकी यात्रा
गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने सभी जिलाधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. मौसम विभाग के रेड अलर्ट और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए शनिवार दोपहर से रविवार तक चार धाम यात्रा रोकने का फैसला लिया गया है. प्रशासन का कहना है कि मौसम ठीक होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी.
मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को उत्तराखंड के कई हिस्सों में तेज बारिश की चेतावनी दी है. शनिवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट है. हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इन जगहों पर जारी है रेड अलर्ट
रविवार को भी उत्तराखंड के कई जिलों में तेज बारिश का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में रेड अलर्ट जारी किया है. उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल और रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट है, जबकि कुछ अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सतर्क रहने और जरूरी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मुख्यमंत्री ने लोगों और पर्यटकों से खराब मौसम में बेवजह यात्रा करने से बचने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कहीं जाने से पहले मौसम और सड़कों की ताजा स्थिति जरूर देख लें. मौसम विभाग ने कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है.
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बंद होने का खतरा बना हुआ है. वहीं नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर भी बढ़ सकता है. मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें- क्या होता है फॉर्म 47, जिसको लेकर UN में भारत ने पाकिस्तान को बुरी तरह रगड़ा? जानिए पूरा मामला