आंतरिक मणिपुर लोकसभा सीट पर फिर से मतदान जारी, दोपहर 3 बजे तक 73.05% वोट पड़े

Again Voting on Interior Manipur seat : लोकसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान कुछ उपद्रवियों ने यहां कथित तौर पर गोलीबारी की थी, EVM नष्ट कर दिए थे. मणिपुर में 19 अप्रैल को शाम 7 बजे तक 69.18 प्रतिशत मतदान हुआ था.

आंतरिक मणिपुर लोकसभा सीट पर फिर से मतदान जारी, दोपहर 3 बजे तक 73.05% वोट पड़े
19 अप्रैल को मणिपुर एक बूथ पर वोटिंग के लिए लाइन में लगे हुए मतदाता | Photo-ANI

इंफाल (मणिपुर) : आंतरिक मणिपुर लोकसभा क्षेत्र के 11 मतदान केंद्रों पर सोमवार को फिर से मतदान हो रहा है. दोपहर 3 बजे तक 73.05 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है.   

गौरतलब है कि 19 अप्रैल को मणिपुर के इन मतदान केंद्रों पर हिंसा की घटनाएं सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने फिर से मतदान का आदेश दिया था.

प्रभावित मतदान केंद्र पर जहां फिर से मतदान कराया जा रहा है, वे हैं खुरई विधानसभा क्षेत्र में मोइरंगकम्पु साजेब उच्च प्राथमिक विद्यालय और एस. इबोबी प्राथमिक विद्यालय (ईस्ट विंग), क्षेत्रीगाओ में चार, थोंगजू में एक, उरीपोक में तीन और कोंथौजम में एक. संघर्षग्रस्त मणिपुर में कुछ मतदान केंद्रों पर हिंसा की खबरें आई थीं, जहां कुछ उपद्रवियों ने गोलीबारी की और ईवीएम को भी नष्ट कर दिया.

यह भी पढे़ं : 'कल्कि 2898 एडी' में अश्वत्थामा की भूमिका निभा रहे बिग बी, MP में चरित्र की हुई मोनुमेंटल लॉन्चिंग

मतदान केंद्रों पर कड़ी की गई है सुरक्षा

किसी भी दुर्घटना से बचने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान कुछ उपद्रवियों ने कथित तौर पर इन मतदान केंद्रों पर गोलीबारी की थी और ईवीएम को भी नष्ट कर दिया था.

मणिपुर में 19 अप्रैल को शाम 7 बजे तक 69.18 प्रतिशत मतदान हुआ.

19 अप्रैल को हुई हिंसा की घटनाओं में लोकसभा चुनाव में वोटिंग के दौरान फायरिंग के बाद एक नागरिक के घायल होने की खबर सामने आई थी और मणिपुर के इंफाल के मोइरंगकम्पु सजेब अवांग लीकाई में एक मतदान केंद्र पर झड़प की खबर आई थी.

आंतरिक मणिपुर संसदीय क्षेत्र के सभी 32 विधानसभा क्षेत्रों और बाहरी मणिपुर (एसटी) संसदीय क्षेत्र के 15 विधानसभा क्षेत्रों में लोकसभा के लिए मतदान हुआ.

बाहरी मणिपुर के शेष 13 खंडों के लिए मतदान दूसरे चरण में 26 अप्रैल को होगा. वोटों की गिनती 4 जून को होगी. 

यह भी पढ़ें : 2024 के चुनाव में NDA की सीटों पर INDIA के मुकाबले दोगुना कम पड़े वोट, जानें क्या कहते हैं विशेषज्ञ