बेंगलुरु ब्लास्ट पर बोले CM सिद्धारमैया- BJP राजनीति न करे, उसके समय में भी हुआ था विस्फोट

बेंगलुरु ब्लास्ट पर बोले CM सिद्धारमैया- BJP राजनीति न करे, उसके समय में भी हुआ था विस्फोट

 

बेंगालुरु : कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शनिवार को बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट की घटना पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया और विपक्षी भाजपा से इस मामले पर राजनीति नहीं करने को कहा. उन्होंने यह बातें मैसुरु में पत्रकारों से कहा.

कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने इस बात पर जोर दिया कि हमले के पीछे के उद्देश्यों को निर्धारित करने और जिम्मेदार पक्षों की पहचान करने के लिए एक व्यापक जांच पहले से ही चल रही है.

सिद्धारमैया ने कहा, "मास्क और टोपी पहने एक व्यक्ति बस में आया, उसने टाइमर ठीक किया और विस्फोट कर दिया. डिप्टी सीएम और गृहमंत्री ने कल घटना स्थल का दौरा किया. मैं भी आज अस्पताल और घटनास्थल का दौरा करूंगा."

भाजपा नेताओं के इस आरोप पर कि ऐसी घटनाएं अल्पसंख्यकों के तुष्टीकरण के कारण हो रही हैं, सिद्धारमैया ने कहा, "उनके समय में भी एक बम फटा था, जब मैंगलोर कुकर बम फटा तो उन्होंने क्या किया? क्या तब भी यह तुष्टिकरण था?"

विपक्ष से मामले का राजनीतीकरण न करने का आग्रह करते हुए सिद्धारमैया ने कहा, "गंभीर जांच चल रही है. बीजेपी को इस मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए. मैंगलोर विस्फोट और बेंगलुरु विस्फोट का कोई संबंध नहीं है. विस्फोट की अभी भी जांच चल रही है और रिपोर्ट के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी." 

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने शनिवार दोपहर को रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट की घटना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई.

राज्य के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने मुख्यमंत्री के साथ बैठक की पुष्टि करते हुए कहा, "हमारी दोपहर 1 बजे बैठक है, सीएम बैठक का नेतृत्व करेंगे, शीर्ष पुलिस अधिकारी विस्फोट के संबंध में बैठक में शामिल होंगे."

इस बीच, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि विस्फोट की जांच के लिए कम से कम सात से आठ टीमें गठित की गई हैं.

उन्होंने कहा, "यह एक कम तीव्रता वाला विस्फोट था. एक युवक आया और एक छोटा बैग रखा, जो एक घंटे बाद फट गया. लगभग 10 लोग घायल हो गए। घटना की जांच के लिए 7-8 टीमें गठित की गईं. हम सभी एंगल से जांच कर रहे हैं. मैं हर बेंगलुरुवासी कहता हूं कि वह चिंता न करें.''

बीजेपी के तेजस्वी सूर्या ने कहा- एजेंसियों जांच की मिले खुली छूट

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता तेजस्वी सूर्या ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को रामेश्वरम कैफे विस्फोट घटना की जांच के लिए एजेंसियों को खुली छूट देनी चाहिए, उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मामले पर बार-बार अपना बयान बदल रही है.

बेंगलुरु के लोकप्रिय रामेश्वरम कैफे में शुक्रवार दोपहर हुए विस्फोट की घटना में कम से कम 10 लोग घायल हो गए.

Gautam Gambhir Quit Politics: लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे गौतम गंभीर, ट्वीट कर पीएम मोदी से की अपील