भोपाल/अयोध्या, भारत24 डिजिटल डेस्क : उज्जैन दक्षिण सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डा. मोहन यादव संभवतया बुधवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे. भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश बुधवार सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी इसमें शिरकत करेंगे. वहीं, आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि मोहन यादव के गुरु 'नेपाली बाबा' ने वर्ष 2016 में उनके CM बनने की भविष्यवाणी कर दी थी. बता दें कि नेपाली बाबा ने उज्जैन के कुंभ में 80 हजार लोगों को मुफ्त में भोजन करवाया था. अपने शिविर में लोगों के ठहरने और खाने-पीने के मद्देनजर तकरीबन 25 करोड़ रुपये खर्च किए थे. बताया जाता है कि इसी दौरान एक अनुष्ठान में मोहन यादव भी मुख्य यजमान बने थे. उस दौरान नेपाली बाबा ने डा. मोहन यादव को सीएम बनने का आशीर्वाद और भविष्यवाणी की थी
नेपाली बाबा उर्फ आत्मानंद दास स्वामी अयोध्या (उत्तर प्रदेश) में रहते हैं. मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने उज्जैन के महाकुंभ के दौरान वर्ष 2016 में ही तत्कालीन विधायक डा. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी कर दी थी. यहां पर बता दें कि मोहन यादव लंबे समय से नेपाली बाबा के शिष्य हैं. मोहन यादव सिंहस्थ कुंभ में नेपाली बाबा की ओर से आयोजित 'राम नाम जप महायज्ञ' में मुख्य यजमान भी रह चुके हैं. कहा जाता है कि मोहन यादव का नेपाली बाबा से बेहद लगाव है, जब भी वह अयोध्या या सुलतानपुर आते हैं, तो वह नेपाली बाबा के दर्शन करने जरूर जाते हैं. यहां पर बता दें कि अयोध्या के बगल वाले यूपी के जिले सुलतानपुर में मोहन यादव की ससुराल है और उनकी पत्नी सीमा यादव यही की रहने वाली हैं.
नरेंद्र मोदी के समर्थक हैं बाबा नेपाली
अयोध्या में रहकर भजन-कीर्तन करने वाले नेपाली बाबा काफी पहले से ही भारतीय जनता पार्टी के समर्थक हैं. वह नरेंद्र मोदी के भी कट्टर समर्थक हैं. वह कई बार नरेंद्र मोदी की खुलकर तारीफ भी कर चुके हैं. राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में आने वाले 50 लाख संतों को भोजन कराने की घोषणा के चलते भी नेपाली बाबा चर्चा में आए थे.
सीताराम आश्रम के सर्वेसर्वा हैं नेपाली बाबा
नेपाली बाबा का असली नाम आत्मानंद दास स्वामी है. उनका उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में स्थित रामघाट में सीताराम आश्रम है. डॉ. मोहन यादव के सीएम बनने के बाद नेपाली बाबा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए बधाई भी दी है और इस पोस्ट में मोहन यादव को उन्होंने अपना परम शिष्य भी स्वीकार किया है. नेपाली बाबा वही हैं, जिन्होंने नरेंद्र मोदी को राम का अवतार और योगी आदित्यनाथ को लक्ष्मण बताया था.
कैसे पड़ा नेपाली बाबा नाम
अयोध्या के मूल निवासी आत्मानंद दास स्वामी का नाम नेपाली बाबा कैसे पड़ा? यह भी बहुत रोचक है. एक साक्षात्कार में नेपाली बाबा बताया था कि वह अयोध्या के रहने वाले हैं. भगवान राम ने जहां शिवधनुष तोड़ा था, उस जगह को धनुष धाम कहते हैं और वह नेपाल में है. उन्होंने यहां पर एक आश्रम बनाया है. आत्मानंद के मुताबिक, आश्रम की स्थापना के बाद अयोध्या जाने लगे तो लोगों ने कहा कि वह नेपाल को अपने साथ लेकर जाएं इसके बाद उनका नाम नेपाली बाबा हो गया.