PM Modi Varanasi Visit: वाराणसी में रविवार, 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हैं. अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचने पर पीएम मोदी नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के विशेष एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के समापन समारोह में शामिल होंगे. इसके साथ ही वह मिर्जामुराद में नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन भी करेंगे. प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं. एयर शो को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह है और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है.
प्रधानमंत्री श्री @narendramodi के 25 अक्टूबर, 2026 को उत्तर प्रदेश और ओडिशा में सार्वजिनक कार्यक्रम। लाइव देखें: 📺https://t.co/OaPd6HRrq3 📺https://t.co/KIA7CbEgXP 📺https://t.co/iRErStQZLn 📺https://t.co/maBRReCASb https://t.co/7lUNeNaGO6
— BJP (@BJP4India) October 24, 2026
मिर्जामुराद में गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम सुबह करीब 10 बजे बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के साथ शुरू होगा. इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद जाएंगे, जहां अरविंद मिल की नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन करेंगे. इस कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री वाराणसी लौटेंगे और नमो घाट पर आयोजित एयर शो के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे.
नमो घाट जाते समय पीएम मोदी पर होगी पुष्पवर्षा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे. इसके बाद लगभग 12:15 बजे सड़क मार्ग से नमो घाट के लिए रवाना होंगे. इस रास्ते में कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की ओर से उनका स्वागत किए जाने की तैयारी है. स्वागत के दौरान पुष्पवर्षा भी की जाएगी. प्रशासन की कोशिश है कि प्रधानमंत्री के काफिले की आवाजाही के साथ आम लोगों को भी कम से कम असुविधा हो.
‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में दिखेगा वायुसेना का दम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 12:30 बजे से 2 बजे तक नमो घाट पर मौजूद रहेंगे. इस दौरान वह भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखेंगे. गंगा नदी के ऊपर होने वाले इस एरियल डिस्प्ले में वायुसेना के विमानों का फ्लाईपास्ट मुख्य आकर्षण रहेगा. वाराणसी में पहली बार आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह है. एयर शो 22 अक्टूबर से शुरू हुआ था और 25 अक्टूबर को इसका समापन होगा.
सीएम योगी ने अधिकारियों के साथ की बैठक
प्रधानमंत्री के दौरे और एयर शो के समापन समारोह को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर शो देखने आने वाले लोगों को गंगा घाटों तक पहुंचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए. साथ ही, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने और अनावश्यक बैरिकेडिंग से बचने पर जोर दिया गया, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो.
एयर शो में 15 से 20 लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद
वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो को लेकर लोगों में काफी उत्साह है. प्रशासन को बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है. इसी को ध्यान में रखते हुए 15 से 20 लाख लोगों के लिए व्यवस्थाएं तैयार करने की बात कही गई है. गंगा किनारे करीब 300 हेक्टेयर जमीन को समतल कराकर तैयार किया गया है. लोगों की सुविधा के लिए पेयजल और स्ट्रीट वेंडर्स की व्यवस्था भी की गई है. रामनगर और पक्के घाटों की ओर खाने-पीने के सामान उपलब्ध कराने वाले विक्रेताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करने की योजना है. कार्यक्रम को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए एक हजार से अधिक स्वयंसेवकों को भी जोड़ा गया है.
वाराणसी दौरे के बाद भुवनेश्वर जाएंगे पीएम मोदी
नमो घाट पर एयर शो का समापन होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सड़क मार्ग से पुलिस लाइन लौटेंगे. वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वह वाराणसी से ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के लिए रवाना होंगे. इस तरह प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के उद्घाटन और वायुसेना के भव्य हवाई प्रदर्शन में शामिल होने के साथ संपन्न होगा.
ये भी पढ़ें- PM मोदी का मेगा दौरा; काशी में देखेंगे राफेल-तेजस का दम, भुवनेश्वर को देंगे RBI के डेटा सेंटर की सौगात