UP के छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी! 4.60 लाख स्टूडेंट्स के खातों में भेजे गए ₹148 करोड़, ऐसे करें चेक

उत्तर प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए स्कॉलरशिप को लेकर बड़ी राहत की खबर है. राज्य में 4.60 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की रकम भेजी गई है.

UP Scholarship 2025 26 Payment Status Check Online
Image Source: ANI/ File

उत्तर प्रदेश के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए स्कॉलरशिप को लेकर बड़ी राहत की खबर है. राज्य में 4.60 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की रकम भेजी गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वितरण प्रक्रिया के पहले चरण की शुरुआत की. इस राशि का लाभ सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), अनुसूचित जाति (SC) और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को मिला है.

OBC छात्रों को सबसे ज्यादा राशि मिली

पहले चरण में सबसे अधिक लाभ ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों को मिला है. ओबीसी के 2,23,615 छात्रों के खातों में 60.1 करोड़ रुपये, एससी वर्ग के 1,59,959 छात्रों को 64.54 करोड़ रुपये, सामान्य वर्ग के 38,084 छात्रों को 11.43 करोड़ रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 38,901 छात्रों को 12.6 करोड़ रुपये भेजे गए हैं. इस तरह सभी वर्गों को मिलाकर 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों को 148 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि मिली है.

2250 से 14000 रुपये तक की छात्रवृत्ति

छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति की रकम उनकी कैटेगरी और एलिजिबिलिटी के आधार पर अलग-अलग तय की गई है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, विद्यार्थियों को 2250 रुपये से लेकर 14000 रुपये तक की छात्रवृत्ति मिलती है. वहीं शुल्क प्रतिपूर्ति के तहत विद्यार्थियों की ओर से जमा की गई एलिजिबल फीस की रकम वापस की जाती है. छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति दोनों की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई है.

65.95 लाख से ज्यादा छात्रों को मिला लाभ

वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 65.95 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं को वित्तीय छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिया जा रहा है. इसके तहत 4,793 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा रही है. सरकार के मुताबिक, पूरी व्यवस्था को ऑटोमेशन से जोड़ने से आवेदन से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित किया गया है. इसका उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों तक रकम समय पर पहुंचाना और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना है.

ऐसे चेक करें खाते में स्कॉलरशिप आई या नहीं

अगर आप अपनी स्कॉलरशिप का स्टेटस चेक करना चाहते हैं तो सबसे पहले यूपी स्कॉलरशिप पोर्टल पर जाएं. इसके बाद होम पेज पर Status-Student ऑप्शन पर क्लिक करें और 2025-26 Session Application Status पर जाएं. यहां अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि दर्ज करने के बाद कैप्चा भरें और Search पर क्लिक करें. इसके बाद स्क्रीन पर आपकी स्कॉलरशिप का स्टेटस दिखाई देगा, जिससे पता चल जाएगा कि राशि खाते में भेजी गई है या नहीं.

ये भी पढ़ें: 23,601 गिरफ्तारियां, ₹15 हजार करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त... UP में अपराध पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन