लखनऊ/रामपुर, न्यूज डेस्क: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में ठंड तेजी से बढ़ रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, इस सप्ताह दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के राज्यों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. बढ़ती ठंड के बीच अगर आपने अब तक जरूरत के गर्म कपड़े (स्वेटर और जैकेट) नहीं खरीदे हैं तो परेशानी में पड़ सकते हैं.
50 रुपये में गर्म सूट
उत्तर प्रदेश के नामी शहर रामपुर में अगर आप गर्म कपड़ों की खरीदारी करना चाहते हैं तो यहां का एक बाजार बहुत मुफीद है. यहां पर सिर्फ 50 रुपये में गर्म सूट खरीद सकते हैं. दरअसल, रामपुर में गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए शादाब मार्केट बहुत मशहूर है. यहां पर आकर आप काफी सस्ती खरीदारी कर सकते हैं. यहां के दुकानदारों की मानें तो महंगाई के दौर में आप शादाब मार्केट में आकर सिर्फ 50 रुपये में गर्म सूट खरीद सकते हैं. 300 रुपये तक में जैकेट मिल जाती है.
शादाब मार्केट में गर्म कपड़ों की भरमार
यहां पर बता दें कि ठंड बढ़ी तो रामपुर का शादाब मार्केट पूरी तरह से गर्म कपड़ों के स्टॉलों से भर गया. इस मार्केट में गर्म इनर, गर्म कुर्ता पजामा, बच्चों के गर्म सूट, लेडीज नाइट शूट से लेकर गर्म जैकेट बेहद सस्ती कीमत पर मिलता है. इस मार्केट में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक गर्म कपड़े खरीद सकते हैं. यहां पर रोजाना खरीदारों की भीड़ जुटती है. मार्केट की सबसे अच्छी खूबी यही है कि यहां थोक के भाव में कपड़े मिलते हैं.
यहां सस्ते मिलते हैं गर्म कपड़े
शादाब मार्केट में गर्म लेडीज टॉप और स्कर्ट सिर्फ 50 से लेकर 100 रुपये मिलेगा. इसके अलावा, महिलाओं के लिए कुर्ती 150 से लेकर 300 रुपये में उपलब्ध है. जैकेट की बात करें तो यह 250 से 800 रुपये तक मिल जाएगी. युवतियों-लड़कियों के गर्म प्लाजों 100 रुपये में उपलब्ध है. बच्चों के लिए गर्म सूट मात्र 150 रुपये में मिल जाएगा.