UP Cabinet Meeting Decision: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी. बैठक में कुल 27 प्रस्ताव रखे गए, जिनमें से 24 को मंजूरी दे दी गई. इनमें सबसे महत्वपूर्ण फैसला परिवहन विभाग से जुड़ा है. इसके तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा देने की तैयारी है. इस योजना से राज्य की एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने का अनुमान है.
‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ को मंजूरी
कैबिनेट ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ को स्वीकृति दे दी है. योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाएं परिवहन निगम की सभी बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी. यात्रा के दौरान पात्र महिलाओं को पहचान के लिए वोटर आईडी या आधार कार्ड दिखाना होगा. सरकार के इस फैसले को भाजपा के संकल्प पत्र में किए गए वादे से भी जोड़कर देखा जा रहा है.
सुल्तानपुर में 272 करोड़ से बनेगा औद्योगिक क्लस्टर
कैबिनेट बैठक में सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) विकसित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई. औद्योगिक कॉरिडोर योजना के तहत बनने वाले इस क्लस्टर पर करीब 272.25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इसके निर्माणकर्ता का चयन ग्लोबल बिड के जरिए किया जाएगा. सरकार का लक्ष्य इस क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा देना है.
हरिद्वार तक बढ़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे
योगी कैबिनेट ने गंगा एक्सप्रेसवे के विस्तार को भी हरी झंडी दे दी है. उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे को अब बिजनौर से हरिद्वार तक विस्तारित किया जाएगा. इस परियोजना पर करीब 10,761 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. विस्तार पूरा होने के बाद प्रयागराज और हरिद्वार, दोनों कुंभ नगरियों के बीच तेज और नियंत्रित एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी विकसित होने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: UP Jobs News: CM योगी का बड़ा ऐलान, अगले 6 महीने में 1 लाख युवाओं को मिलेगी सरकारी नौकरी