करीब 50 साल पहले जब Suzuki ने अपनी पहली छोटी 4x4 ऑफ-रोडर कार LJ10 को लॉन्च किया था, तब शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह कार एक दिन ग्लोबल आइकन बन जाएगी. वक्त के साथ बदलते ट्रेंड और तकनीक के बीच Suzuki Jimny ने हमेशा खुद को प्रासंगिक बनाए रखा. अब साल 2025 में, इस पॉपुलर SUV को फिर से नया रूप दिया गया है पर इसकी पहचान वही रखी गई है जो इसे सबसे अलग बनाती है.
बॉक्सी डिज़ाइन वही, लेकिन टेक्नोलॉजी में जबरदस्त बदलाव
Jimny 2025 के डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है, और यह फैसला जानबूझकर लिया गया है. क्योंकि Jimny का क्लासिक बॉक्सी लुक ही इसकी सबसे बड़ी यूएसपी है. हालाँकि, इसके केई और रेगुलर वर्जन में अब ज्यादा यूजर-फ्रेंडली टच लाया गया है. जापान में मिलने वाले नैरो-बॉडी वर्जन में अब छोटे सब-मिरर जोड़े गए हैं जो ड्राइवर की ब्लाइंड स्पॉट विजिबिलिटी को बेहतर बनाते हैं. इससे कार को टाइट ट्रैफिक में भी आसानी से चलाया जा सकता है.
अंदर की दुनिया अब और ज्यादा प्रीमियम
2025 Jimny के इंटीरियर को इस बार पूरी तरह से टेक्नोलॉजी और आराम के हिसाब से अपडेट किया गया है. एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में अब 4.2 इंच का कलर डिस्प्ले जोड़ा गया है, जो ड्राइविंग के दौरान जरूरी जानकारियां रियल टाइम में दिखाता है. हाई ट्रिम वेरिएंट्स में अब 9-इंच का नया टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम शामिल है, जो न सिर्फ ज्यादा तेज है बल्कि कनेक्टिविटी के लिहाज़ से भी बेहद आधुनिक है. हालांकि, लोअर ट्रिम्स में पहले जैसा डैशबोर्ड डिज़ाइन बरकरार है, लेकिन मटीरियल क्वालिटी में सुधार किया गया है, जिससे केबिन अब पहले से ज्यादा प्रीमियम और यूथफुल महसूस होता है.
सेफ्टी पर फोकस, अब और भी भरोसेमंद
नई Jimny में सुरक्षा को लेकर कंपनी ने कोई समझौता नहीं किया है. इसमें अब Dual Sensor Brake Support 2, Lane Departure Prevention, Automatic High Beam Assist, और Road Sign Recognition System जैसे एडवांस्ड फीचर्स शामिल किए गए हैं. ऑटोमैटिक वर्जन में Adaptive Cruise Control और Rear False Start Prevention जैसे फीचर्स दिए गए हैं, जो लंबी दूरी की यात्रा को और भी सुरक्षित और आरामदायक बनाते हैं.
वही दमदार इंजन, वही भरोसेमंद परफॉर्मेंस
Suzuki ने Jimny के इंजन में कोई बदलाव नहीं किया है, और इसके पीछे एक मजबूत कारण भी है—पिछले वर्जन की परफॉर्मेंस को लेकर ग्राहकों में कोई शिकायत नहीं थी. Jimny का केई वर्जन 658cc टर्बोचार्ज्ड थ्री-सिलेंडर इंजन के साथ आता है, जो 63hp पावर देता है. वहीं Jimny Sierra वर्जन में 1.5 लीटर फोर-सिलेंडर इंजन मौजूद है, जो 103hp की ताकत देता है. दोनों ही वर्जन 5-स्पीड मैनुअल और 4-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स ऑप्शन के साथ आते हैं.
कीमत और उपलब्धता
Suzuki Jimny 2025 फिलहाल जापान में बिक्री के लिए उपलब्ध है. नैरो-बॉडी केई वर्जन की शुरुआती कीमत लगभग ¥1,918,400 है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग ₹11.18 लाख होती है. वहीं Jimny Sierra वर्जन की कीमत ¥2,385,900 यानी करीब ₹13.91 लाख है. भारत में इसके अपडेटेड वर्जन के लॉन्च को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही यह मॉडल भारतीय बाजार में भी दस्तक देगा.
ये भी पढ़ें: Mika Singh ने खरीदी V8 इंजन वाली कस्टमाइज्ड Hummer H2, जानें इस लग्जरी कार की कीमत और खासियत