अंडर-19 एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान, राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे को मिली जगह

अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है. जूनियर क्रिकेट कमेटी ने 5 से 14 नवंबर तक ओमान के मस्कट में होने वाले ACC पुरुष अंडर-19 एशिया कप के लिए 15 खिलाड़ियों को चुना है.

Rahul Dravid and Virender Sehwag sons in India U19 Squad Asia Cup 2026
Image Source: Social Media

अंडर-19 एशिया कप के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है. जूनियर क्रिकेट कमेटी ने 5 से 14 नवंबर तक ओमान के मस्कट में होने वाले ACC पुरुष अंडर-19 एशिया कप के लिए 15 खिलाड़ियों को चुना है. इस टीम में पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भी जगह मिली है. टीम की कमान लक्ष्य रायचंदानी को सौंपी गई है, जबकि यशवर्धन सिंह चौहान उप-कप्तान होंगे.

इस टूर्नामेंट में भारत को ग्रुप A में रखा गया है. इस ग्रुप में भारत के अलावा पाकिस्तान, नेपाल और यूएई की टीमें हैं. वहीं, ग्रुप B में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मलेशिया शामिल हैं. दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. सेमीफाइनल मुकाबले 12 नवंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 14 नवंबर को होगा.

नेपाल के खिलाफ अभियान शुरू करेगी टीम इंडिया

भारतीय टीम अपने एशिया कप अभियान की शुरुआत 6 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगी. इसके बाद 8 नवंबर को उसका सामना पाकिस्तान से होगा. वहीं, ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला 10 नवंबर को यूएई के खिलाफ खेला जाएगा. भारत की कोशिश इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम करने की होगी.

वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर को मिला मौका

भारतीय टीम में सबसे ज्यादा चर्चा आर्यवीर सहवाग के चयन को लेकर हो रही है. पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है. आर्यवीर ने घरेलू अंडर-19 मुकाबलों में अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया है. वह अपने आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते हैं. अब एशिया कप में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी.

राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय भी टीम में शामिल

पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भी टीम में जगह मिली है. उन्हें विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर चुना गया है. अन्वय अपनी बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग से भी प्रभावित कर चुके हैं. अब उन्हें अंडर-19 एशिया कप में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.

ऐसी है भारतीय अंडर-19 टीम

भारतीय टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी करेंगे. टीम में आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उप-कप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, मोहित उल्वा, काव्य पटेल, शाविन विनोद और ईशान सूद को शामिल किया गया है.