MCD Delhi by Elections Result: अब तक 4 वार्ड के नतीजे घोषित, बीजेपी के खाते में 2; AAP-कांग्रेस का भी खुला खाता

    MCD Delhi Elections 2025: दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में हुए उपचुनावों के नतीजे आज सामने आ रहे हैं, और राजधानी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. 30 नवंबर को हुए मतदान में लोगों की भागीदारी उम्मीद से काफी कम रही, लेकिन चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा.

    MCD Delhi by Elections Results 2025 bjp and congress and app wins
    Image Source: ANI

    MCD Delhi Elections 2025: दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में हुए उपचुनावों के नतीजे आज सामने आ रहे हैं, और राजधानी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. 30 नवंबर को हुए मतदान में लोगों की भागीदारी उम्मीद से काफी कम रही, लेकिन चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा. अब नतीजों से तय होगा कि सदन में बीजेपी की पकड़ और मजबूत होगी या आम आदमी पार्टी अपनी स्थिति बचाने में कामयाब रहेगी.

    अब तक आए चार नतीजों में बीजेपी ने दो वार्ड जीतकर बढ़त बनाई है. चांदनी चौक और शालीमार बाग बी—दोनों सीटें भाजपा के खाते में गईं. शालीमार बाग से अनीता जैन ने जीत दर्ज की, जिसे रेखा गुप्ता का राजनीतिक गढ़ माना जाता है.दक्षिण पुरी सीट पर आम आदमी पार्टी ने जीत हासिल की है, जबकि एक सीट कांग्रेस ने अपने नाम की है.दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी 4 और वार्डों में आगे चल रही है, वहीं AAP भी 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. कांग्रेस एक जगह मुकाबले में बनी हुई है.

    पिछला समीकरण और इस बार की प्रतिष्ठा

    इन 12 वार्डों में पहले 9 सीटें बीजेपी के पास और 3 AAP के पास थीं. इसलिए इस उपचुनाव पर दोनों पार्टियों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है.विशेष तौर पर शालीमार बाग बी सीट बीजेपी के लिए प्रतीकात्मक महत्व रखती है, क्योंकि यही वह क्षेत्र है जहां से रेखा गुप्ता—जो अब दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं—राजनीति में आगे बढ़ी थीं.द्वारका बी सीट भी चर्चा में है, क्योंकि यह भाजपा की कमलजीत सहरावत के लोकसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई थी.

    580 बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान

    दिल्ली राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक इस उपचुनाव के लिए 143 मतदान केंद्रों पर 580 बूथ बनाए गए थे. अधिकांश सीटों पर AAP और BJP के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिसकी वजह से हर वोट की गिनती बेहद अहम मानी जा रही है. सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है और पूरे दिन राजनीतिक तापमान गर्म रहने वाला है.

    किन सीटों पर हो रहा है फैसला

    उपचुनाव के नतीजे ग्रेटर कैलाश, चांदनी चौक, शालीमार बाग बी, अशोक विहार, संगम विहार ए, चांदनी महल, डिचाओं कलां, नारैना, दक्षिण पुरी, मुंडका, विनोद नगर और द्वारका बी वार्डों के लिए आएंगे. इन 12 वार्डों में कुल 51 उम्मीदवार मैदान में थे, जिनमें 26 महिलाएं भी शामिल थीं.

    सदन की तस्वीर बदलेगी या बरकरार रहेगी?

    आज के नतीजे यह तय करेंगे कि भाजपा निगम सदन में और प्रभावी होगी या AAP अपनी जमीन को बचा पाएगी. 2022 के MCD चुनाव में बीजेपी ने 115 सीटों पर जीत दर्ज की थी, और इस उपचुनाव में पार्टी 100% स्ट्राइक रेट चाहती है. यदि ऐसा होता है तो उसके पूर्ण बहुमत का रास्ता आसान हो सकता है.

    रेखा गुप्ता की पहली बड़ी परीक्षा

    यह उपचुनाव दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के लिए भी एक तरह से पहली परीक्षा है. राजनीतिक विश्लेषक इसे उनके नेतृत्व की शुरुआती चुनौती मान रहे हैं. अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि क्या बीजेपी इन उपचुनावों में अपनी पकड़ और मजबूत कर पाएगी या आम आदमी पार्टी मुकाबले को अपने पक्ष में मोड़ लेगी.

    यह भी पढ़ें: कड़ाके की ठंड, कैसी है हवा? जानें कैसा रहेगा आज दिल्ली का मौसम