भारत ने अफगानिस्तान को 9 विकेट से हराया, 3-0 से जीती वनडे सीरीज; जायसवाल का शानदार शतक

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला चेन्नई के एम. चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 9 विकेट से हरा दिया और सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली.

India swept the series against Afghanistan 3-0 registering a massive 9-wicket victory in Chennai
Image Source: Social Media

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला चेन्नई के एम. चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान को 9 विकेट से हरा दिया और सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली. यह दोनों टीमों के बीच खेली गई पहली वनडे सीरीज थी, जिसमें भारत ने क्लीन स्वीप किया.

अफगानिस्तान 218 रन पर सिमटा

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही. भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बना लिया और लगातार विकेट झटके. अफगान कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 102 रन बनाए. वहीं अजमतुल्लाह ओमरजई ने 50 रन की पारी खेली. इन दोनों बल्लेबाजों की बदौलत अफगानिस्तान 44.2 ओवर में 218 रन तक पहुंच सका.

प्रसिद्ध कृष्णा का कमाल

भारतीय तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा मैच के सबसे बड़े हीरो रहे. उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8.2 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 5 विकेट लिए. यह उनके वनडे करियर का पहला पांच विकेट हॉल भी रहा. इसके अलावा गुरनूर ब्रार, हर्ष दुबे और प्रिंस यादव ने एक-एक विकेट हासिल किया. कप्तान शुभमन गिल ने भी दो रन आउट में अहम भूमिका निभाई.

रोहित-जायसवाल ने दिलाई आसान जीत

219 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 170 रन की बड़ी साझेदारी की और मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया.

रोहित शर्मा ने 69 गेंदों पर 79 रन बनाए. उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. वहीं यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 86 गेंदों में नाबाद 110 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और 3 छक्के लगाए. यह उनके वनडे करियर का दूसरा शतक है.

भारत ने सिर्फ 28.4 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. इसके साथ ही टीम इंडिया ने वनडे क्रिकेट में 200 से ज्यादा रन का अपना सबसे तेज सफल रन चेज भी दर्ज किया. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में अफगानिस्तान का 3-0 से सफाया कर दिया.

ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने बंगाल से दी करोड़ों किसानों को सौगात, PM-KISAN की 23वीं किस्त जारी