सेमीकंडक्टर से डिफेंस तक... भारत-बेल्जियम रिश्तों की नई उड़ान, कई अहम समझौतों पर बनी सहमति

पीएम मोदी ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को दोनों देशों के संबंधों का प्रमुख स्तंभ बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मिलिट्री एक्सचेंज और ट्रेनिंग सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है.

india-belgium-pm-modi-defense-semiconductor-trade-cooperation-deals
Image Source: Social Media

भारत और बेल्जियम के रिश्तों में गुरुवार को सहयोग के कई नए रास्ते खुले. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में पहली बार भारत आए बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर से मुलाकात की और इसके बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. पीएम मोदी ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को द्विपक्षीय संबंधों की महत्वपूर्ण नींव बताते हुए कहा कि दोनों देशों ने सैन्य आदान-प्रदान और प्रशिक्षण पहलों को बढ़ावा देने के लिए समझौतों को अंतिम रूप दे दिया है. पीएम मोदी ने इस बात पर भी जोर दिया कि साझा लोकतांत्रिक सिद्धांत, एक मजबूत बाजार अर्थव्यवस्था और मजबूत पारस्परिक संबंध दोनों देशों को प्राकृतिक साझेदार बनाते हैं.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज की चर्चा भारत-बेल्जियम संबंधों में नए अध्याय की शुरुआत करेगी. साथ ही उन्होंने ऐतिहासिक संबंधों को भी याद करते हुए कहा कि भारत और बेल्जियम के बीच संबंध इतिहास में गहराई से जुड़े हुए हैं. पहले विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम में हजारों भारतीय सैनिकों के साहस और बलिदान हमारी साझा स्मृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं.

पीएम ने यह भी कहा कि बेल्जियम की कंपनियों के लिए भारत में इन्वेस्टमेंट फास्ट-ट्रैक मैकेनिज्म का गठन किया गया है और साथ ही भारत-बेल्जियम बिजनेस फोरम को नियमित तंत्र बनाने का भी फैसला किया गया है. उन्होंने कहा कि वित्तीय, फिनटेक और रेगुलेटरी संस्थाओं के बीच तालमेल बढ़ाने पर सहमति बनी है, अगले पांच साल में भारत-बेल्जियम द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है.

पीएम मोदी ने रक्षा और सुरक्षा सहयोग को दोनों देशों के संबंधों का प्रमुख स्तंभ बताते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच मिलिट्री एक्सचेंज और ट्रेनिंग सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है. रक्षा उद्योगों के समझौतों से विकास और निर्माण के नए अवसर खुलेंगे. उन्होंने बताया कि इंटेलिजेंस शेयरिंग और अपराध के खिलाफ सहयोग मजबूत करने का भी फैसला लिया गया है. इसके अलावा उन्होंने रिन्यूएबल एनर्जी पर भी बात की और कहा कि रिन्यूएबल एनर्जी पर हुए MOU से सस्टेनेबिलिटी सहयोग को नई गति मिलेगी.

उन्होंने कहा कि बेल्जियम के IMEC इंस्टीट्यूट को भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जोड़ने पर काम होगा. पीएम ने यह भी कहा कि दोनों देशों के स्टार्ट-अप्स के बीच कनेक्टिविटी और मैरीटाइम सेक्टर में क्षमता निर्माण बढ़ाने पर सहमति बनी है.

पीएम ने भारत की जीडीपी को लेकर भी चर्चा की और कहा, आज दुनिया उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है. दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष जारी है, वहीं खाद्य, ईंधन और आपूर्ति श्रृंखला जैसे हर क्षेत्र में अनिश्चितता छाई हुई है. इस चुनौतीपूर्ण माहौल में भी भारत की अर्थव्यवस्था ने अपनी गति बनाए रखी है. भारत ने पिछली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है. आज भारत की विकास गाथा दुनिया के लिए विश्वास और नए अवसरों का स्रोत बन रही है.