'मैं बेकसूर हूं, शिवा मेरा बंदा था', श्रद्धा दूबे ने पहली बार खोली जुबान, बोली- CCTV फुटेज देखिए

लखनऊ के शिवा शर्मा मौत मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने 9 दिन बाद पहली बार मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखा है. उसने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि शिवा उसका अपना था और वह उसे क्यों मारती?

I am innocent Shraddha Dubey Lucknow Shiva Sharma Murder Case
Image Source: Social Media

Shraddha Dubey: लखनऊ के शिवा शर्मा मौत मामले में आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे ने 9 दिन बाद पहली बार मीडिया के सामने आकर अपना पक्ष रखा है. उसने खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि शिवा उसका अपना था और वह उसे क्यों मारती? श्रद्धा का दावा है कि शिवा पर काफी कर्ज था और वह आर्थिक परेशानी से जूझ रहा था. उसने यह भी कहा कि शिवा ने उसके फ्लैट की बालकनी से कूदकर जान दी और उसने खुद उसे ऐसा करते देखा था.

‘मेरे घर की CCTV फुटेज देखिए’

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में श्रद्धा ने कहा कि अगर उसकी सोसायटी की सीसीटीवी फुटेज सामने आ जाए, तो सच्चाई खुद सामने आ जाएगी. उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने बहराइच से जुड़ा वीडियो तो निकाल लिया, लेकिन उसकी सोसायटी की फुटेज अब तक नहीं निकाली गई.

श्रद्धा ने शिवा की मां पर भी झूठ बोलने का आरोप लगाया. उसका कहना है कि उसे इस मामले में गलत तरीके से फंसाया जा रहा है और उस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं.

शिवा पर 16-17 लाख रुपये का कर्ज होने का दावा

श्रद्धा ने बताया कि वह करीब चार महीने से शिवा के साथ थी. उसके मुताबिक, शिवा पर 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज था और उसे लगातार पैसे लौटाने के लिए कहा जा रहा था. उसने दावा किया कि शिवा ने उससे भी रुपये उधार मांगे थे.

घर से जेवर चोरी होने के आरोप पर श्रद्धा ने कहा कि करीब 6 से 7 लाख रुपये के जेवर शिवा ने चुराए थे. हालांकि, उसके अनुसार, वीडियो में शिवा ने जेवर वापस करने की बात भी कही थी. श्रद्धा ने इसे अपना निजी मामला बताया.

फरार होने की वजह भी बताई

श्रद्धा ने कहा कि वह स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और सदमे के कारण वहां से चली गई थी. उसके मुताबिक, जब उस पर ड्राइवर के साथ मारपीट और हत्या जैसे आरोप लगाए गए, तो वह घबरा गई थी. उसने अपनी बहन को भी बेकसूर बताया और कहा कि उसका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है.

श्रद्धा ने दूसरे लोगों के साथ अपने संबंधों को लेकर चल रही खबरों को भी गलत बताया. उसका कहना है कि किसी के साथ तस्वीर होने का मतलब यह नहीं है कि उसके साथ कोई गलत संबंध है. उसने आरोप लगाया कि उसकी बहन का नाम भी बेवजह इस मामले में घसीटा जा रहा है.

पुलिस की कार्रवाई पर भी उठे सवाल

श्रद्धा के बयान के बीच मामले की जांच कर रही हजरतगंज पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं. बताया गया है कि नौ दिन तक श्रद्धा का पता नहीं लगा पाने के बाद हजरतगंज कोतवाल विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है. अन्य पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई गई है.

श्रद्धा ने की निष्पक्ष जांच की मांग

श्रद्धा ने दावा किया कि उसे साजिश के तहत इस मामले में फंसाया गया है. उसने पुलिस और न्यायपालिका से निष्पक्ष जांच कराने की अपील की. साथ ही, उसने शिवा से जुड़ी डायरी मिलने की खबरों को भी गलत बताया.

फिलहाल श्रद्धा के इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. मामले में उसकी भूमिका और शिवा की मौत से जुड़े सवालों का जवाब जांच के बाद ही साफ हो सकेगा.