Haryanvi Singer Ankit Balian Murder: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े सिंगर अंकित बालियान की सनसनीखेज हत्या से हड़कंप मच गया. सदर कोतवाली क्षेत्र में जिम से बाहर निकलते ही घात लगाए बैठे चार हमलावरों ने अंकित को घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने 20 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाईं. गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
जिम से बाहर आते ही घेरकर की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, अंकित बालियान रोज की तरह बुधवार शाम करीब 6:45 बजे जिम पहुंचे थे. जिम से बाहर निकलते ही पहले से घात लगाए चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया. इसके बाद हमलावरों ने पिस्टल से लगातार गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए.
गोली लगने से अंकित सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है.
हरियाणवी म्यूजिक में बना रहे थे अपनी अलग पहचान
अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में तेजी से पहचान बनाने वाले कलाकारों में शामिल थे. उन्होंने कई हरियाणवी गानों और एलबम में काम किया था. चर्चित सिंगर मासूम शर्मा के साथ भी उनका काम रहा था. उनका गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी लोकप्रिय हुआ था, जिसके बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा में उनकी पहचान और मजबूत हुई. अंकित शामली के बंतीखेड़ा के रहने वाले थे. गायकी के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी उनकी मजबूत मौजूदगी थी. यूट्यूब पर उनके 3.50 लाख से अधिक सब्सक्राइबर बताए जाते हैं, जबकि फेसबुक पर करीब 1.36 लाख और इंस्टाग्राम पर करीब 4.20 लाख फॉलोअर थे.
2023 में रोड शो को लेकर भी सुर्खियों में आए थे
अंकित बालियान इससे पहले भी विवादों के चलते चर्चा में रहे थे. जुलाई 2023 में शामली में उनके काफिले के रोड शो और समर्थकों के हुड़दंग के मामले में पुलिस ने अंकित समेत करीब 35 से 40 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. उस समय अंकित जिला पंचायत का चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर रहे थे. हालांकि, मौजूदा हत्या की घटना का उनके पुराने विवाद या चुनावी गतिविधियों से कोई संबंध है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
हत्या से दो घंटे पहले पोस्ट किया था ‘खास भाई’ वीडियो
अंकित की हत्या के बाद उनके सोशल मीडिया अकाउंट से करीब दो घंटे पहले शेयर किया गया एक वीडियो भी चर्चा में आ गया है. वीडियो के कैप्शन में ‘खास भाई’ लिखा है. इसमें अंकित हरियाणवी अंदाज में एक लाइन गुनगुनाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में गोली, हत्या और दुश्मनी से जुड़ी पंक्तियां सुनाई देती हैं. अंत में वह अपने फॉलोअर्स से वीडियो को शेयर करने की अपील भी करते दिखाई देते हैं.
हत्या के बाद इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. हालांकि, महज वीडियो की सामग्री के आधार पर यह निष्कर्ष निकालना सही नहीं होगा कि अंकित किसी खास व्यक्ति को धमकी दे रहे थे या उन्हें किसी संभावित खतरे का अंदाजा था. यह किसी गाने के प्रमोशन या सामान्य सोशल मीडिया पोस्ट का हिस्सा भी हो सकता है. इसकी वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान से लेकर साजिश तक के सवाल
अंकित बालियान की हत्या ने पुलिस के सामने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यह है कि हमलावरों को उनके जिम से निकलने के समय की जानकारी कैसे मिली. क्या कई दिनों से उनकी रेकी की जा रही थी? चारों हमलावर किस वाहन से पहुंचे और वारदात के बाद किस रास्ते से भागे? पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है. जांच में पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों को भी शामिल किया गया है. CCTV फुटेज के अलावा पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि हमलावरों तक जल्द पहुंचा जा सके.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गईं-एसपी
शामली के एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, डायल 112 के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी कि बंतीखेड़ा निवासी अंकित बालियान को जिम से निकलते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी है. सूचना मिलते ही कोतवाली शामली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की. एसपी ने बताया कि घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है.
ये भी पढ़ें- शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, बदमाशों ने किए 20 राउंड फायर