उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या से सनसनी फैल गई है. बुधवार शाम जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोलियां लगने से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
जिम से निकलते ही घात लगाकर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान शाम को जिम सेशन पूरा करने के बाद बाहर आए थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए हथियारबंद हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 20 राउंड गोलियां चलाईं. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल अंकित को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई.
‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाने से मिली पहचान
अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सक्रिय थे और सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी मौजूदगी थी. ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ गाने से उन्हें खास पहचान मिली थी. साल 2023 में उन्होंने शामली में एक बड़ा रोड शो भी किया था, जहां उन्हें बंतीखेड़ा निवासी हरियाणवी कलाकार के तौर पर पेश किया गया था. उन्होंने मासूम शर्मा और रानू पंजाबी समेत कई कलाकारों के साथ प्रोजेक्ट्स में काम किया था.
राजनीति में उतरने की भी थी चर्चा
अंकित बालियान के जल्द ही राजनीति में कदम रखने की चर्चा भी सामने आ रही थी. बताया जा रहा है कि वह जिला परिषद चुनाव की तैयारी कर रहे थे. हालांकि, उनकी हत्या के पीछे क्या वजह थी, इसे लेकर अभी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. अचानक हुई इस वारदात के बाद उनके प्रशंसकों और स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है.
CCTV और फॉरेंसिक सबूत खंगाल रही पुलिस
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए संभावित सुरागों की जांच कर रही है.
बंतीखेड़ा के रहने वाले थे अंकित बालियान
अंकित बालियान शामली जिले के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले थे. हरियाणवी संगीत के अलावा वह यूट्यूब और सोशल मीडिया के जरिए भी अपने प्रशंसकों से जुड़े रहते थे. जिम के बाहर जिस तरह से उनकी हत्या की गई, उससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे. फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है.
ये भी पढ़ें: नेपाल में बाढ़ से गहराया संकट तो भारत बना सहारा, PM मोदी ने बालेन शाह से कहा - हर संभव सहायता...