Smit Machar Gujarat Garima Award: गुजरात सरकार गुजराती मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार को ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड’ से सम्मानित करेगी. कैप्टन स्मित ने दुबई से इजराइल जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में हुए हमले के दौरान हिम्मत दिखाई थी. घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर का सामना किया और यात्रियों की सुरक्षा को सबसे ज्यादा महत्व दिया. इस घटना में 174 यात्रियों की जान बचाने में उनकी अहम भूमिका रही.
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस सम्मान की घोषणा की. उन्होंने कहा कि इजराइल जा रही फ्लाइट के पायलट कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की हर तरफ तारीफ हो रही है. हमले में घायल होने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और मुश्किल हालात में यात्रियों को सुरक्षित रखने की कोशिश की.
कॉकपिट में हुआ था हमला
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में कॉकपिट के अंदर यह घटना हुई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हमलावर का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया.
इसके बाद यात्रियों और क्रू के दूसरे सदस्यों ने पायलट की मदद की और हमलावर को काबू में किया. बताया जा रहा है कि कैप्टन स्मित की तुरंत की गई कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया. उनकी बहादुरी की इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी तारीफ की थी.
गुजरात सरकार देगी विशिष्ट सम्मान
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात से जुड़े कैप्टन स्मित मछार ने अपनी बहादुरी से राज्य और देश का नाम रोशन किया है. उनकी हिम्मत और यात्रियों की जान बचाने के प्रयास को देखते हुए राज्य सरकार उन्हें ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड’ देगी. मुख्यमंत्री ने कैप्टन स्मित के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की. उन्होंने कहा कि गुजरात के लोग उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं.
PM मोदी समेत कई नेताओं ने की तारीफ
कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की भारत में भी काफी चर्चा हो रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके परिवार से बात की और उनकी हिम्मत की सराहना की. भारत और इजराइल के अधिकारियों के साथ कई नेताओं ने भी कैप्टन स्मित के साहस की तारीफ की है. अब उनकी इसी बहादुरी को सम्मान देने के लिए गुजरात सरकार ने उन्हें ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड’ देने का ऐलान किया है.
ये भी पढ़ें- हॉकी सेमीफाइनल में पाकिस्तान को भारत ने दी शिकस्त, आखिरी मिनट में ऐसे पलटी बाजी