Gujarat: "विदेशी निर्भरता है भारत की सबसे बड़ी दुश्मन", भावनगर में बोले PM Modi

PM Modi Gujarat Visit: शनिवार का दिन गुजरात के लिए खास रहा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय दौरे पर भावनगर पहुंचे. सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, हर तरफ "मोदी-मोदी" के नारों की गूंज थी और फिज़ाओं में उत्साह साफ़ नजर आ रहा था.

Gujarat Foreign dependence is India biggest enemy said PM Modi in Bhavnagar
Image Source: Social Media

PM Modi Gujarat Visit: शनिवार का दिन गुजरात के लिए खास रहा, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने एक दिवसीय दौरे पर भावनगर पहुंचे. सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, हर तरफ "मोदी-मोदी" के नारों की गूंज थी और फिज़ाओं में उत्साह साफ़ नजर आ रहा था. एयरपोर्ट से गांधी मैदान तक निकले उनके रोड शो में लोगों ने फूल बरसाकर और जयघोष करके उनका जोरदार स्वागत किया.

गांधी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने न केवल 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की जरूरत पर एक बार फिर ज़ोर दिया. उन्होंने कहा, "दुनिया में हमारा सबसे बड़ा दुश्मन कोई देश नहीं, बल्कि हमारी खुद की विदेशी निर्भरता है."

उन्होंने जनता को याद दिलाया कि आत्मनिर्भर भारत ही भविष्य का रास्ता है. अगर हम विकास की रफ्तार को बनाए रखना चाहते हैं तो हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता अनिवार्य है, फिर चाहे वह रक्षा हो, ऊर्जा, निर्माण या तकनीक.

जनसभा से पहले हुआ भव्य रोड शो

पीएम मोदी का रोड शो एक किलोमीटर लंबा था, जो भावनगर एयरपोर्ट से शुरू होकर गांधी मैदान तक पहुंचा. रास्ते में नागरिकों ने पूरे जोश के साथ उनका स्वागत किया. जगह-जगह मोदी के समर्थन में बैनर लगे थे, जिनमें 'ऑपरेशन सिंदूर' और 'GST सुधार' जैसे अभियानों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया गया.

प्रधानमंत्री ने क्या कहा?

अपने भाषण में पीएम मोदी ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे 'स्वदेशी सोच' को अपनाएं और "विश्वबंधु" की भावना के साथ आगे बढ़ें. उन्होंने कहा, "हम 1.4 अरब भारतीयों का भविष्य दूसरों पर नहीं छोड़ सकते. जितनी ज़्यादा विदेशी निर्भरता होगी, देश की विफलता उतनी ही ज़्यादा होगी."

उन्होंने एक गुजराती कहावत का हवाला देते हुए कहा, "सौ बिमारियों की एक दवा, आत्मनिर्भर भारत."

मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल का वर्चुअल उद्घाटन

अपने दौरे के दौरान, पीएम मोदी ने वर्चुअली मुंबई के इंदिरा डाक पर बने मुंबई इंटरनेशनल क्रूज टर्मिनल (MICT) का उद्घाटन भी किया. यह टर्मिनल भारत की समुद्री पर्यटन क्षमताओं को नई ऊंचाई देगा और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करेगा.

यह भी पढ़ें- Microsoft ने इन कर्मचारियों को एक दिन के अंदर अमेरिका लौटने का दिया निर्देश, जानें क्या है मामला