दिल्ली-NCR में मौसम का यू-टर्न! तेज आंधी और भारी बारिश से गिरा तापमान, इन इलाकों में अलर्ट जारी

Delhi-NCR Weather: दिल्ली-NCR में देर रात तेज आंधी के साथ हुई भारी बारिश से मौसम बदल गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 घंटे में तेज बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है.

delhi-ncr-heavy-rainstorm-waterlogging-imd-weather-alert-today
Image Source: ANI

Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. देर रात तेज आंधी और भारी बारिश के बाद सुबह तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को हल्की ठंड का एहसास होने लगा. दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश का असर देखने को मिला. कई जगहों पर सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ घंटों के दौरान तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है.

कनॉट प्लेस से गाजियाबाद तक बारिश का असर

दिल्ली में कनॉट प्लेस, झंडेवालान, राजीव चौक और पटेल नगर समेत कई इलाकों में बारिश हुई. वहीं, एनसीआर के नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में भी तेज बारिश दर्ज की गई. बारिश के कारण करोल बाग स्थित झंडेवालान मंदिर के बाहर सड़कों पर जलभराव देखने को मिला. राजधानी के अन्य हिस्सों से भी पानी जमा होने की खबरें सामने आईं. अचानक बदले मौसम ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी, लेकिन जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई.

अगले 2 से 3 घंटे में तेज बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए अगले 2 से 3 घंटे के दौरान तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है. इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने और आंधी के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है.

तापमान गिरने से बढ़ा ठंड का एहसास

बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट आई है. पिछले कई दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा था, लेकिन ताजा बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में हुई बारिश के बाद आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है.

पश्चिमी विक्षोभ से उत्तर भारत के मौसम में बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण के कारण कई राज्यों में मौसम बदला है. इसका असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिल रहा है. इन क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. मौसम में आए इस बदलाव से तापमान नीचे जाने के आसार हैं, जिससे अक्टूबर में ही ठंड का एहसास बढ़ सकता है.

ये भी पढ़ें- 1 नवंबर से निर्माण पर रोक, वर्क फ्रॉम होम... दिल्ली में वायु प्रदूषण को रोकने का पूरा प्लान तैयार