IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स को लगा 440 वोल्ट का झटका, ये धाकड़ खिलाड़ी पूरे सीजन से हुआ बाहर

IPL 2026: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए एक बड़ी चुनौती सामने आई है. टीम के युवा स्टार बल्लेबाज आयुष म्हात्रे चोट के कारण पूरी सीजन से बाहर हो गए हैं.

CSK Ayush Mhatre has been ruled out of the remainder of IPL 2026
Image Source: ANI

IPL 2026: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए एक बड़ी चुनौती सामने आई है. टीम के युवा स्टार बल्लेबाज आयुष म्हात्रे चोट के कारण पूरी सीजन से बाहर हो गए हैं. इस घोषणा ने टीम को एक और मुश्किल में डाल दिया है, क्योंकि पहले ही चेन्नई की स्थिति कुछ खास अच्छी नहीं रही है. छह मैचों में से केवल दो में जीत दर्ज कर पाई है और चार मैचों में हार का सामना किया है.

फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया पर म्हात्रे को लेकर आधिकारिक बयान जारी करते हुए लिखा, "आयुष म्हात्रे 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय बाएं हैमस्ट्रिंग में लगी चोट के कारण आईपीएल 2026 के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं. आयुष की इंजरी को 6 से 8 हफ्तों के रिहैब की जरूरत होगी."

आयुष म्हात्रे की धमाकेदार बैटिंग

सीजन की शुरुआत से ही आयुष म्हात्रे ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा था. उन्होंने 6 मैचों की 6 पारियों में 33.50 की औसत और 177.87 के स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए. इस दौरान उनका प्रदर्शन किसी संजीवनी से कम नहीं था. खास बात यह है कि म्हात्रे के बल्ले से 2 अर्धशतक भी निकले थे, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 73 रन था. यही नहीं, अब तक वह चेन्नई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे हैं. संजू सैमसन, जोकि टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, 192 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं.

आयुष म्हात्रे का आईपीएल करियर

आयुष म्हात्रे ने आईपीएल में अपना डेब्यू पिछले सीजन यानी 2025 में किया था. तब से लेकर अब तक उन्होंने दोनों सीज़न में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बने रहकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. 13 मैचों की 13 पारियों में उन्होंने 33.92 की औसत और 183.75 के स्ट्राइक रेट से कुल 441 रन बनाए हैं. इन 13 मैचों में उनके बल्ले से 3 अर्धशतक भी निकले हैं और उनका सबसे बड़ा स्कोर 94 रन रहा.

ये भी पढ़ें: SRH vs DC: हैदराबाद या दिल्ली, आज किसकी होगी जीत? जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड, पिच और वेदर रिपोर्ट