Sunny Deol Hanuman: सनी देओल ने 2023 में अपनी फिल्म ‘गदर 2’ से बॉक्स ऑफिस पर जोरदार वापसी की थी और उसके बाद से उनकी फिल्मी दुनिया में सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है. इस सफल कमबैक के बाद सनी के पास कई बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स लाइन में हैं. उनके फैंस के लिए खुशखबरी यह है कि एक्टर अब सिर्फ एक्शन फिल्मों तक ही सीमित नहीं रहेंगे बल्कि पौराणिक और माइथोलॉजिकल फिल्मों में भी नजर आने वाले हैं.
सनी देओल की पाइपलाइन में सबसे चर्चित प्रोजेक्ट रामायण है. इस फिल्म में उन्हें भगवान हनुमान का किरदार निभाने का मौका मिलेगा. बताया जा रहा है कि ये फिल्म सनी के करियर के लिए एक नई पहचान बनाने वाली साबित हो सकती है.
हनुमान आधारित म्यूजिकल फिल्म में सनी की मुख्य भूमिका
बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड की रिपोर्ट के अनुसार, रामायण के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा एक नई म्यूजिकल फिल्म पर काम करने की तैयारी में हैं, जिसका केंद्र भगवान हनुमान का चरित्र होगा. इस फिल्म के लिए सनी देओल मेकर्स की पहली पसंद माने जा रहे हैं. मेकर्स का मानना है कि हनुमान का किरदार निभाने के लिए उनसे बेहतर कोई नहीं हो सकता.
सूत्रों का कहना है कि रामायण यूनिवर्स की यह दूसरी बड़ी फिल्म होगी. शुरुआती स्क्रिप्ट और हनुमान के कुछ सीन देखने के बाद टीम ने महसूस किया कि यह किरदार सनी देओल के लिए ही उपयुक्त है. सनी के अनुभव और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि इस रोल में उनका प्रदर्शन फिल्म के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है.
म्यूजिकल फिल्म की थीम और प्लानिंग
मेकर्स ने इस फिल्म को पौराणिक-पॉप ओपेरा के रूप में तैयार करने की योजना बनाई है. फिल्म में दर्शकों को एक्शन, युद्ध, नृत्यकला, हाई-फ्लाईंग सीन और मसालों से सजी डांसिंग के अलावा एक 12 मिनट का वार सॉन्ग भी देखने को मिलेगा.
स्रोतों के अनुसार, फिल्म का निर्माण एवेंजर्स स्टाइल यूनिवर्स की तरह होगा, यानी अलग-अलग कैरेक्टर्स और कहानियों को जोड़कर एक बड़ा क्रॉसओवर प्रोजेक्ट तैयार किया जाएगा. अगर सब कुछ योजना के अनुसार हुआ, तो मेकर्स अगले साल के अंत तक इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं.
सनी देओल का वर्कफ्रंट
सनी देओल की फिल्मों की लाइनअप भी काफी लंबी है. आखिरी बार वह फिल्म ‘जाट’ में नजर आए थे. इसके अलावा उनकी अगली फिल्म ‘बॉर्डर 2’ 22 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली है. इसके अलावा उनके पास ‘लाहौर 1947’, ‘जाट 2’, ‘इक्का’ और ‘रामायण’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पहले से ही पाइपलाइन में हैं.
सनी देओल के लगातार नए और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स हाथ में आने के कारण यह साफ है कि उनका फिल्मी करियर नए मुकाम पर पहुंचने वाला है. फैंस को अब उनकी आगामी फिल्मों में उनका दमदार प्रदर्शन और नए किरदार देखने को मिलेगा, जो उनके करियर को और भी मजबूत करेगा.
यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया में यहूदी त्योहार के दौरान अंधाधुंध फायरिंग, 10 की मौत; मौके पर 2000 लोग थे मौजूद