Best Korean Thriller Dramas: अगर आपको ऐसी कहानियां पसंद हैं, जिनमें हर किरदार पर शक हो और हर नए एपिसोड के साथ कोई चौंकाने वाला राज सामने आए, तो कोरियन थ्रिलर ड्रामा की ये लिस्ट आपको पसंद आ सकती है. रोमांस और लव स्टोरी से हटकर इन शोज में मर्डर मिस्ट्री, खतरनाक अपराधियों, पुलिस की जांच और मनोवैज्ञानिक उलझनों का जबरदस्त मेल देखने को मिलता है. खास बात यह है कि इन चारों ड्रामा को IMDb पर भी अच्छी रेटिंग मिली है. ऐसे में अगर आप कुछ रोमांचक देखने की तलाश में हैं, तो इन्हें अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं.
Flower of Evil
‘Flower of Evil’ उन दर्शकों के लिए शानदार विकल्प है, जिन्हें क्राइम के साथ रिश्तों में छिपे रहस्यों वाली कहानियां पसंद हैं. इसकी कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पत्नी और बेटी के साथ खुशहाल जिंदगी जी रहा है, लेकिन अपनी असली पहचान छिपाकर रखता है. मुश्किल तब बढ़ती है, जब उसकी पत्नी, जो पेशे से डिटेक्टिव है, एक पुराने मर्डर केस की जांच करते हुए अपने ही पति पर शक करने लगती है. कुल 16 एपिसोड वाले इस ड्रामा में सस्पेंस और इमोशनल टकराव लगातार कहानी को दिलचस्प बनाए रखते हैं. इसकी IMDb रेटिंग 8.5 है और इसे प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है.
Mouse
अगर आपको साइकोलॉजिकल थ्रिलर और सीरियल किलर पर आधारित कहानियां पसंद हैं, तो ‘Mouse’ आपकी पसंद बन सकता है. इस ड्रामा में एक पुलिस ऑफिसर का सामना बेहद खतरनाक साइकोपैथ किलर से होता है. अपराधी की तलाश आगे बढ़ने के साथ कहानी इंसानी दिमाग, अपराध की प्रवृत्ति और सही-गलत के बीच की जटिल रेखा जैसे सवालों को भी सामने लाती है. कुल 20 एपिसोड की इस सीरीज में ऐसे मोड़ देखने को मिलते हैं, जो दर्शकों को लगातार अनुमान लगाने पर मजबूर करते हैं. इसकी IMDb रेटिंग 8.6 है, जो इसे कोरियन क्राइम थ्रिलर पसंद करने वालों के लिए एक मजबूत विकल्प बनाती है.
Beyond Evil
‘Beyond Evil’ एक डार्क क्राइम और साइकोलॉजिकल मिस्ट्री ड्रामा है, जिसमें एक पुराने सीरियल मर्डर केस की जांच कहानी का केंद्र है. दो पुलिस ऑफिसर हत्यारे तक पहुंचने की कोशिश करते हैं, लेकिन जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, शक का दायरा भी बढ़ता जाता है. आसपास के लोगों के साथ-साथ दोनों अधिकारियों की भूमिका और इरादे भी सवालों के घेरे में आने लगते हैं. 16 एपिसोड वाले इस शो की खासियत इसका गंभीर माहौल, पेचीदा किरदार और धीरे-धीरे खुलते रहस्य हैं. इसकी IMDb रेटिंग 8.1 है और यह नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है.
Stranger
‘Stranger’ उन लोगों के लिए दिलचस्प ड्रामा है, जिन्हें अपराध की जांच के साथ राजनीति, कानून और सत्ता के खेल भी पसंद हैं. इसकी कहानी एक प्रॉसिक्यूटर और महिला पुलिस डिटेक्टिव की है, जो मर्डर केस की पड़ताल करते हुए बड़े भ्रष्टाचार और प्रभावशाली लोगों से जुड़े राज उजागर करने लगते हैं. यहां मामला सिर्फ हत्यारे को पकड़ने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि जांच के दौरान सामने आने वाले पावर गेम कहानी को और पेचीदा बना देते हैं. इस शो के दो सीजन हैं और दोनों में 16-16 एपिसोड हैं. इसकी IMDb रेटिंग 8.4 है और इसे नेटफ्लिक्स पर देखा जा सकता है. अगर आप रोमांस से हटकर दिमाग घुमाने वाली क्राइम मिस्ट्री देखना चाहते हैं, तो ये चारों कोरियन ड्रामा आपकी वॉचलिस्ट में जगह पाने के हकदार हैं.
ये भी पढ़ें: छह नई जोड़ियां, ढेर सारा रोमांस और मस्ती... 'पहला प्यार दूसरी बार' के पोस्टर्स ने बढ़ाई एक्साइटमेंट