दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में शुमार Apple अब अपने प्रोडक्शन स्ट्रैटेजी में बड़ा बदलाव करने जा रही है. जहां एक ओर भारत और चीन को कंपनी के दो सबसे अहम प्रोडक्शन और मार्केट हब माना जाता है, वहीं अब Apple ने एक तीसरा रास्ता चुना है. ताज़ा रिपोर्ट्स की मानें, तो Apple अपना अगला नया स्मार्ट डिवाइस न तो भारत में बनाएगा और न ही चीन में बल्कि इस बार कंपनी की नज़र वियतनाम पर है.
कैसा होगा Apple का नया डिवाइस?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple एक 7-इंच का स्मार्ट होम डिस्प्ले डेवलप कर रहा है, जो स्मार्ट होम डिवाइसेज़ को कंट्रोल करने के लिए एक सेंट्रल हब की तरह काम करेगा. यह डिवाइस न सिर्फ स्मार्ट होम एक्सपीरियंस को अपग्रेड करेगा, बल्कि इसमें FaceTime और AI-सपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं भी होंगी. सीधे तौर पर यह प्रोडक्ट Amazon Echo Show और Google Nest Hub को टक्कर देगा. पहले इसकी लॉन्चिंग 2025 में होने की संभावना थी, लेकिन अब इसे 2026 तक के लिए टाल दिया गया है. इसका मतलब है कि Apple इस डिवाइस के लिए परफेक्शन और रणनीतिक प्लेसमेंट पर पूरा ध्यान दे रहा है.
चीन और भारत से हटकर क्यों चुना वियतनाम?
Apple लंबे समय से अपनी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को जियोपॉलिटिकल टेंशन्स से सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहा है. चीन में उत्पादन पर अमेरिकी प्रतिबंधों और भारत में बढ़ते लागत स्तर को देखते हुए, कंपनी अब सप्लाई चेन को और ज्यादा डायवर्सिफाई करना चाहती है. इसी कड़ी में वियतनाम अब एक नया स्ट्रैटेजिक हब बनकर उभर रहा है. Apple पहले भी वियतनाम में iPads, AirPods और कुछ MacBooks का असेंबली काम करवा चुका है. लेकिन यह पहली बार होगा जब वियतनाम में एक नई प्रोडक्ट लाइन की शुरुआत की जाएगी.
इस प्रोजेक्ट में साथ देगी चीन की BYD
दिलचस्प बात यह है कि वियतनाम में Apple को इस नए प्रोजेक्ट में चीन की टेक कंपनी BYD का साथ मिल रहा है. BYD इस प्रोजेक्ट के तहत डिवाइस की असेंबली, टेस्टिंग और पैकेजिंग का काम देखेगी. Apple के लिए यह पार्टनरशिप ड्यूल स्ट्रैटेजी का हिस्सा है—एक ओर चीन से दूरी बनाए रखना और दूसरी ओर उसकी मैन्युफैक्चरिंग दक्षता का फायदा उठाना.
भारत का क्या होगा?
भारत में iPhone मैन्युफैक्चरिंग तेज़ी से बढ़ी है और Apple यहां भविष्य में और निवेश कर सकता है. लेकिन यह स्पष्ट है कि हर नई प्रोडक्ट लाइन भारत को नहीं दी जाएगी. वियतनाम को मिली यह नई ज़िम्मेदारी बताती है कि Apple अब हर रीजन के हिसाब से स्पेशलाइज्ड प्रोडक्शन सेंटर्स बना रहा है.
ये भी पढ़ें: एडवांस फीचर्स से लैस हुई Suzuki Jimny, अब पहले से ज्यादा होगी सुरक्षित और दमदार, जानें डिटेल्स